न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जनपद की बदहाल व्यवस्थाओं और जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार एवं स्थानीय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष उमेश यादव ने प्रेस वार्ता कर स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, किसान, बिजली, अवैध खनन और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते जिले की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो पार्टी जनहित में बड़ा आंदोलन करेगी।
मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल
प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष ने रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्थाओं के चलते गरीब मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि बिना पैसे दिए गरीबों का ऑपरेशन तक नहीं किया जाता।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में नवजात शिशु के शव को आवारा कुत्तों द्वारा उठाए जाने की घटना का जिक्र करते हुए इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिक्षा व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी
सपा जिलाध्यक्ष ने राजकीय महिला महाविद्यालय में बीएससी की कक्षाएं संचालित होने के बावजूद शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही विद्यालयों के बंद होने और शिक्षित युवाओं की बढ़ती बेरोजगारी पर भी चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि बीटीसी, डीएलएड और बीएड जैसी डिग्रियां हासिल करने के बाद भी बड़ी संख्या में युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। सरकार को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ठोस कदम उठाने चाहिए।
खाद, बीज और बिजली संकट से किसान परेशान
किसानों की समस्याओं को लेकर भी सपा जिलाध्यक्ष ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। वहीं, जनपद में लो-वोल्टेज की समस्या के कारण नलकूपों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इससे खेतों की सिंचाई में दिक्कतें आ रही हैं और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अवैध खनन और खराब सड़कों का मुद्दा उठाया
उमेश यादव ने जनपद में कथित अवैध खनन को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नदियों की जलधारा रोककर नियमों के विपरीत खनन किया जा रहा है। इसके अलावा ओवरलोड वाहनों के आवागमन से सड़कों की हालत लगातार खराब हो रही है।
उन्होंने कहा कि जिले की कई सड़कों पर गहरे गड्ढे हैं, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
अधूरे पुल निर्माण से लोगों को परेशानी
विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन बांदा में रिंग रोड पर दुरेड़ी और राजघाट के बीच पुल का निर्माण लंबे समय से अधूरा है। इसके कारण क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
समस्याएं दूर नहीं हुईं तो होगा आंदोलन
प्रेस वार्ता के अंत में समाजवादी पार्टी ने प्रशासन और सरकार से जनपद की सभी प्रमुख समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। पार्टी ने मेडिकल कॉलेज की घटना और कथित अवैध खनन की निष्पक्ष जांच कराने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की नियुक्ति, किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई।
सपा जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े इन मुद्दों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
News Wani
