Breaking News

फतेहपुर में मिशन शक्ति अभियान तेज, महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

फतेहपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों को लेकर पुलिस ने एक बार फिर जिलेभर में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। महिला सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और जरूरत पड़ने पर पीड़ित महिलाओं को तत्काल पुलिस सहायता मिल सके, इसके लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत मंगलवार को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।

पुलिस की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने गांवों की चौपाल से लेकर बाजारों और सार्वजनिक स्थानों तक पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आम नागरिकों को जागरूक किया। इस दौरान उन्हें सुरक्षा के अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और पुलिस की आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई।

पुलिस टीमों ने बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अथवा अन्य अपराध की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए मुसीबत के समय उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल लगाकर लोगों से संवाद किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण का भरोसा दिलाया। वहीं बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।

इन हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न आपातकालीन सेवाओं के हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।

इसके अलावा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने के लिए संबंधित पोर्टल के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते उन्हें सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। जिले में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में टीबी मरीजों की मदद को बढ़े हाथ, सात जरूरतमंदों को मिला पौष्टिक आहार

फतेहपुर। टीबी जैसी गंभीर बीमारी से जंग जीतने के लिए दवाओं के साथ पौष्टिक आहार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *