Breaking News

फतेहपुर में टीबी मरीजों की मदद को बढ़े हाथ, सात जरूरतमंदों को मिला पौष्टिक आहार

फतेहपुर। टीबी जैसी गंभीर बीमारी से जंग जीतने के लिए दवाओं के साथ पौष्टिक आहार भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से जरूरतमंद क्षय रोगियों को स्वस्थ बनाने और उन्हें बीमारी से उबरने में मदद करने के लिए इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी ने मानवीय पहल की है। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान एवं डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में मंगलवार को रेडक्रॉस भवन में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सात क्षय रोगियों को पोषण सामग्री वितरित की गई। इस पहल के माध्यम से मरीजों को उपचार के दौरान पोषण की कमी से बचाने और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने सात नए क्षय रोगियों मनीष, वहीदा बेगम, किरण, रानी, अलशिफा, गीता और रिशू को मूंगफली के दाने, सत्तू, चना, गुड़ एवं प्रोटीन पाउडर सहित अन्य पौष्टिक सामग्री प्रदान की।

उन्होंने बताया कि इन सभी मरीजों को चिकित्सकीय उपचार का कोर्स पूरा होने तक नियमित रूप से पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें बीमारी से लड़ने में मदद मिल सके।

डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि टीबी का समय पर उपचार और नियमित रूप से दवाओं का सेवन बेहद आवश्यक है। इसके साथ ही संतुलित एवं पौष्टिक भोजन भी मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद क्षय रोगियों की मदद करनी चाहिए, ताकि कोई भी मरीज आर्थिक अभाव के कारण उपचार और पोषण से वंचित न रहे।

इस दौरान इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव एवं प्रमुख सहयोगी अजीत सिंह, आजीवन सदस्य उमेश कुमार श्रीवास्तव, हिमांशु श्रीवास्तव, राकेश कुमार एवं गोरेलाल उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में मिशन शक्ति अभियान तेज, महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

फतेहपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों को लेकर पुलिस ने एक बार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *