फतेहपुर। हसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत संचालित कार्यक्रम के अनुसार फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय नोडल अधिकारी लालचंद गौतम एवं सीएचसी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुपम सिंह ने अभियान की तैयारियों का जायजा लिया।
अभियान के सफल संचालन के लिए ब्लॉक में कुल 194 टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में दो कर्मचारी लगाए गए हैं। इसके अलावा आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों को भी अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के लिए 33 सुपरवाइजर, चार आरआरटी (रैपिड रिस्पांस टीम) और दो मोबाइल टीमें बनाई गई हैं।
फाइलेरिया उन्मूलन अभियान 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इस दौरान आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाएंगी। अभियान में तीन प्रकार की दवाएं एल्बेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन टैबलेट शामिल हैं। इन दवाओं का सेवन लोगों की आयु और निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाएगा।
समीक्षा के दौरान मंगलवार को एकारी, रमवां एवं टीसी आयुष्मान आरोग्य मंदिर के अंतर्गत आने वाली टीमों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों को अभियान के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर दवा सेवन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही स्वास्थ्य दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों, आशा, एएनएम, सीएचओ और संगिनी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की स्वगणना भी कराई गई।
इस मौके पर अनिल मौर्य, वीर बहादुर, जावेद आलम, कैलाश नाथ, हेमचंद्र चौधरी, निरूपमा पाल, प्रतीक्षा शुक्ला, वंदना सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
News Wani
