फतेहपुर। जनपद में चल रहे जनगणना एवं मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में व्यापार बंधुओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से जनगणना के दूसरे चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी व्यापार बंधु जनगणना पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वयं अपनी गणना करें। साथ ही अपने संपर्क में आने वाले नागरिकों को भी स्व-गणना के प्रति जागरूक और प्रेरित करें, ताकि जनगणना का कार्य व्यापक जनभागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। सभी लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इस अभियान में सहयोग करना चाहिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम पर भी चर्चा की। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। इसके लिए सभी व्यापारिक संगठनों और नागरिकों को अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर उपायुक्त राज्यकर, उपायुक्त उद्योग, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सदर सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
News Wani
