Breaking News

मिशन शक्ति 6.0: छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और यातायात के गुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम,

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। महिला सुरक्षा और छात्राओं के सशक्तीकरण को लेकर बांदा में मिशन शक्ति 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुरुवार को नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, उनके अधिकारों और आपातकालीन परिस्थितियों में मदद पाने के तरीकों की जानकारी दी गई।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें थाना कोतवाली नगर, साइबर क्राइम थाना और यातायात पुलिस की टीम शामिल रही।

महिला सुरक्षा कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, पीछा करने और बाल विवाह जैसे अपराधों के संबंध में कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह की परेशानी या उत्पीड़न होने पर चुप रहने के बजाय पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन की सहायता लेनी चाहिए।

छात्राओं को आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर की जानकारी दी गई। साथ ही सरकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों के बारे में भी बताया गया।

डिजिटल ठगी और साइबर बुलिंग से बचने के बताए उपाय

साइबर क्राइम टीम ने छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों के प्रति सतर्क किया। अधिकारियों ने केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी क्यूआर कोड, यूपीआई स्कैम, नकली नौकरी के ऑफर और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के तरीकों के बारे में समझाया।

छात्राओं को सलाह दी गई कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और निजी विवरण साझा न करें। सोशल मीडिया पर साइबर बुलिंग या अभद्र टिप्पणी का सामना करने पर डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखें और साइबर हेल्पलाइन 1930 या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

यातायात नियमों और सुरक्षित सफर के प्रति किया जागरूक

यातायात पुलिस ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व को समझाया। अधिकारियों ने तेज रफ्तार, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल और यातायात नियमों की अनदेखी को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताया।

इसके अलावा सुरक्षित यात्रा के लिए अनजान व्यक्तियों से खाने-पीने की वस्तुएं नहीं लेने, ऑटो या कैब में बैठने से पहले वाहन का नंबर परिजनों को भेजने और मोबाइल में लाइव लोकेशन साझा करने जैसे जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आत्मविश्वासी, सतर्क और सुरक्षित बनाना रहा।

About NW-Editor

Check Also

बांदा में पशु चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो भैंसें बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र में भैंस चोरी की घटना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *