न्यूज़ वाणी ब्यूरो, कानपुर।
कानपुर के अर्मापुर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में ठेका कर्मचारियों का वेतन घटाए जाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। गुरुवार सुबह सैकड़ों ठेका कर्मचारी फैक्ट्री के सामने स्थित पोस्ट ऑफिस के बाहर एकत्र हुए और नई ठेका कंपनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए पुरानी मजदूरी दर बहाल करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि वे पिछले कई वर्षों से ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में ठेके पर काम कर रहे हैं। पहले उन्हें प्रतिदिन 750 रुपये मजदूरी मिलती थी, लेकिन नई ठेका कंपनी के आने के बाद अब 600 रुपये प्रतिदिन भुगतान करने की बात कही जा रही है। इससे प्रत्येक कर्मचारी को रोजाना 150 रुपये का नुकसान उठाना पड़ सकता है।
पुरानी मजदूरी बहाल करने की मांग
कर्मचारी इमरान ने बताया कि उन्हें पहले 750 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाता था। अब नई कंपनी की ओर से 600 रुपये देने की बात कही जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से काम करने के बावजूद उनकी मजदूरी कम किया जाना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि पहले से मिल रही मजदूरी के अनुसार ही भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
सांसद के सामने भी उठाया था मामला
कर्मचारी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक, वे कई वर्षों से फैक्ट्री में ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे हैं। बुधवार को भी सैकड़ों कर्मचारियों ने स्वरूप नगर स्थित सांसद रमेश अवस्थी के आवास पर पहुंचकर अपनी समस्या रखी थी। कर्मचारियों ने सांसद से हस्तक्षेप कर पुरानी मजदूरी दर लागू कराने की मांग की थी।
मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें पहले की तरह 750 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। कर्मचारियों ने नई ठेका कंपनी से मजदूरी में की गई प्रस्तावित कटौती पर पुनर्विचार करने और पुराने भुगतान की व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
News Wani
