Breaking News

लखनऊ विश्वविद्यालय की यादों में खोए आनंद सिंह बिसेन, कैंटीन की चाय और दोस्तों के साथ बिताए दिनों को किया याद

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के 106वें स्थापना दिवस समारोह में नौ प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अडानी ग्रुप के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी आनंद सिंह बिसेन भी शामिल रहे। इस मौके पर उन्होंने विश्वविद्यालय में बिताए अपने छात्र जीवन की पुरानी यादें साझा कीं और बताया कि किस तरह कॉलेज के दिनों ने उनके व्यक्तित्व और करियर को नई दिशा दी।

आनंद सिंह बिसेन ने बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय में बिताए पांच साल उनके जीवन के सबसे यादगार दौर में शामिल हैं। उस समय उनके साथ पढ़ने वाले कई दोस्त आज राजनीति, प्रशासन, सेना और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर पहुंच चुके हैं। उनके पुराने मित्रों में राजा भैया, मयंकेश्वर शरण सिंह और अजय पाल सिंह जैसे नाम भी शामिल हैं।

कैंटीन में चाय और बन-समोसे के साथ होती थी दोस्तों की महफिल

छात्र जीवन के दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि पढ़ाई के बाद दोस्तों के साथ विश्वविद्यालय की कैंटीन में बैठना रोजमर्रा का हिस्सा हुआ करता था। वहां बन-समोसा और चाय के साथ लंबी बातचीत होती थी। दोस्तों के बीच हंसी-मजाक और गप्पों का दौर चलता रहता था। हालांकि, पढ़ाई को लेकर भी सभी गंभीर रहते थे।

उन्होंने बताया कि वह नियमित रूप से कक्षाओं में पहुंचने की कोशिश करते थे। कई बार क्लास शुरू होने से 10 से 15 मिनट पहले ही पहुंच जाते थे, ताकि आगे बैठकर शिक्षकों की बातों को अच्छी तरह समझ सकें। अर्थशास्त्र, अंग्रेजी और मानव विज्ञान उनके प्रमुख विषय थे।

पिता के नियम का भी रखते थे पूरा ध्यान

आनंद सिंह बिसेन ने बताया कि उनके पिता ने एक नियम बना रखा था कि कक्षा समाप्त होने के एक घंटे के भीतर उन्हें घर पहुंचना होता था। ऐसे में दोस्तों के साथ कुछ समय बिताने के बाद वह अपनी स्कूटी से घर के लिए निकल जाते थे। उन्होंने कहा कि समय के साथ जीवन की जिम्मेदारियां बदल गईं, लेकिन पुराने दोस्तों के साथ उनका रिश्ता आज भी पहले जैसा बना हुआ है।

माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय

अपनी उपलब्धियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने माता-पिता को सबसे पहले धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता से मिले संस्कार और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया। प्राथमिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय तक के शिक्षकों ने उन्हें कठिन परिस्थितियों में मेहनत करना और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना सिखाया।

उन्होंने अपनी पत्नी के योगदान का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, शादी के बाद पत्नी ने हर कदम पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके करियर में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

व्यक्तित्व विकास को बताया विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी पहचान

लखनऊ विश्वविद्यालय की खासियत बताते हुए आनंद सिंह बिसेन ने कहा कि यहां विद्यार्थियों को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि उनके व्यक्तित्व का भी विकास किया जाता है। छात्र राजनीति, सामाजिक गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलते हैं।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने देश को राष्ट्रपति, मंत्री, जनप्रतिनिधि, साहित्यकार, कलाकार और कई अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तित्व दिए हैं। यही वजह है कि इस संस्थान की पहचान शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए भी है।

मेहनत और निरंतर आगे बढ़ने का दिया संदेश

अडानी ग्रुप में अपनी जिम्मेदारियों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से मिली मेहनत, प्रेरणा और लक्ष्य के प्रति समर्पण की सीख आज भी उनके काम आती है। उनका मानना है कि जीवन में सफलता पाने के लिए लगातार आगे बढ़ते रहना जरूरी है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास से जुड़े सुझावों और योजनाओं पर काम करने की बात भी साझा की। उनके अनुसार, किसी भी क्षेत्र में अलग पहचान बनाने के लिए परंपरागत तरीके से हटकर कुछ नया और बेहतर करने की सोच जरूरी है।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान दुर्घटना की मॉक ड्रिल, इमरजेंसी टीम ने किया यात्रियों के बचाव का अभ्यास

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *