Breaking News

लखनऊ में 4 दिसंबर को शादी के बंधन में बंधेंगे प्रिया सरोज और रिंकू सिंह, 2 हजार मेहमानों को न्योता

लखनऊ। समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की शादी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में विवाह के बंधन में बंधेंगे। इस खास समारोह में देशभर से करीब 2 हजार मेहमानों के शामिल होने की व्यवस्था की जा रही है। शादी में राजनीतिक जगत, खेल और मनोरंजन क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, शादी से जुड़े कार्यक्रम 3 दिसंबर से शुरू हो जाएंगे। दोनों परिवार एक दिन पहले ही होटल पहुंचेंगे। मेहंदी, पूजा और अन्य पारंपरिक रस्मों का आयोजन भी इसी होटल में किया जाएगा। विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए दोनों परिवारों की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

जयमाल में स्थानीय बाजार की ज्वेलरी पहनेंगी प्रिया सरोज

शादी समारोह में प्रिया सरोज के पहनावे को लेकर भी खास तैयारी की गई है। जयमाल के दौरान वह वाराणसी के पिंडरा बाजार से खरीदी गई ज्वेलरी पहनेंगी। इसके अलावा लहंगे के साथ मेल खाती आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी उनके कलेक्शन का हिस्सा होगी।

प्रिया सरोज ने शादी के लिए दिल्ली, लखनऊ और वाराणसी से कपड़ों की खरीदारी की है। उनके लिए बनारस की प्रसिद्ध बनारसी साड़ियां भी खरीदी गई हैं। ज्वेलरी की खरीदारी स्थानीय बाजारों के साथ दिल्ली और वाराणसी से की गई है।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री समेत कई बड़े नेताओं को निमंत्रण

इस विवाह समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को आमंत्रित किया गया है। हालांकि, इन सभी विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अखिलेश यादव के परिवार सहित शादी में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को क्रिकेटर रिंकू सिंह की ओर से निमंत्रण भेजा गया है।

90 सांसदों और विधायकों को भी बुलाया गया

शादी समारोह में राजनीतिक क्षेत्र की बड़ी भागीदारी रहने की उम्मीद है। प्रिया सरोज और उनके पिता की ओर से करीब 8 से 10 केंद्रीय मंत्रियों तथा लगभग 90 सांसदों और विधायकों को निमंत्रण भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

आमंत्रित लोगों में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव, किंजरापु राम मोहन नायडू और कमलेश पासवान के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला के भी समारोह में पहुंचने की संभावना है।

क्रिकेट जगत की कई हस्तियां होंगी शामिल

रिंकू सिंह की शादी में उनके क्रिकेटर दोस्तों का जमावड़ा भी देखने को मिल सकता है। 3 दिसंबर से खिलाड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है। संभावित मेहमानों में भुवनेश्वर कुमार, तिलक वर्मा, सुरेश रैना, प्रवीण कुमार, आरपी सिंह, पीयूष चावला और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं।

इसके अलावा भोजपुरी फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों को भी निमंत्रण दिया गया है। ऐसे में यह समारोह राजनीति, क्रिकेट और मनोरंजन जगत की चर्चित हस्तियों का खास मिलन बन सकता है।

मेहमानों के लिए शाकाहारी भोजन की व्यवस्था

शादी में आने वाले मेहमानों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की जा रही है। समारोह का मेन्यू पूरी तरह शाकाहारी रखा गया है। इसमें सूप से लेकर मिठाइयों और डेजर्ट तक कई तरह के व्यंजन परोसे जाएंगे।

गौरतलब है कि प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की पिछले वर्ष 8 जून को लखनऊ में सगाई हुई थी। अब 4 दिसंबर को दोनों विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी की तैयारियों और संभावित वीवीआईपी मेहमानों की सूची को लेकर यह समारोह पहले से ही चर्चा में है।

About NW-Editor

Check Also

योगी आदित्यनाथ के चर्चित डायलॉग वाली भगवा जैकेट पहनकर युवती ने खींचा ध्यान, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चर्चित बयान एक बार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *