न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से बांदा के बबेरू स्थित राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज में पड़ोस युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ रहा। इसमें छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरा युवा भारत, बांदा के जिला युवा अधिकारी श्रेयांश राय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाशंकर यादव मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. बीपी वर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से परिचित कराना आवश्यक है। इस तरह के कार्यक्रम युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करने और सामाजिक चेतना बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला युवा अधिकारी श्रेयांश राय ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। युवाओं को अपने जीवन में योग और ध्यान को अपनाना चाहिए। इससे मानसिक एकाग्रता मजबूत होती है और पढ़ाई के साथ-साथ दैनिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति, सहज योग और ध्यान के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तर, भाषण और अन्य गतिविधियों के माध्यम से ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ विषय पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने बताया कि नशे की आदत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता है।
इस दौरान उपस्थित सभी युवाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं कभी नशा नहीं करेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय सहायक मान सिंह ने किया।
इस अवसर पर भूगोल प्रवक्ता अमित कुमार, अभय पांडेय, विवेक कुमार, आशा सिंह, सहज योग नारी शक्ति कोऑर्डिनेटर अंजली सिंह सहित युवा शक्ति महिला की सदस्याएं और लगभग 200 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर मेरा युवा भारत के लेखा सहायक रवि अवस्थी तथा स्वयंसेवक हर्ष नामदेव और राजेश कुमार मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
News Wani
