न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। बांदा जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ अब मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों का जमावड़ा लगातार बढ़ रहा है। कुत्तों के झुंड खुलेआम अस्पताल परिसर में घूमते दिखाई दे रहे हैं, जिससे इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों में भय का माहौल बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से अब तक इस समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम उठता नजर नहीं आ रहा है।
अस्पताल में आने वाले मरीज पहले से ही बीमारी और शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे होते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों की मौजूदगी उनके लिए अतिरिक्त परेशानी का कारण बन रही है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इस मामले पर बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए.एस. नोमानी ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल वह स्थान है, जहां लोग बेहतर इलाज और सुरक्षित वातावरण की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। लेकिन यहां मरीजों को इलाज के साथ-साथ आवारा कुत्तों के खतरे का भी सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले बांदा मेडिकल कॉलेज में एक बच्चे के शव से जुड़ी दुखद घटना सामने आई थी। ऐसी घटनाओं के बाद भी यदि जिम्मेदार विभाग सबक नहीं लेते और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं करते, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। आखिर प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार क्यों कर रहा है?
नोमानी ने कहा कि जिला अस्पताल कोई ऐसी जगह नहीं है, जहां आवारा कुत्तों को खुलेआम घूमने दिया जाए। यह आम जनता के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है। अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जिला अस्पताल प्रशासन और नगर पालिका से मांग की कि अस्पताल परिसर में घूम रहे आवारा कुत्तों की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर मानवीय और कानूनी नियमों के तहत प्रभावी व्यवस्था लागू करें, ताकि मरीजों और तीमारदारों को किसी तरह के खतरे का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि केवल कागजी कार्रवाई और आश्वासन देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करना चाहिए और जिम्मेदारी तय करते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए.एस. नोमानी ने स्पष्ट किया कि जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर संगठन चुप नहीं बैठेगा। यदि जिला अस्पताल परिसर को आवारा कुत्तों की समस्या से मुक्त कराने के लिए जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद करेगा और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगेगा।
उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा प्रशासन का एहसान नहीं, बल्कि उसकी बुनियादी जिम्मेदारी है। जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए।
News Wani
