Breaking News

सुशासन दिवस पर अरवारी के तोड़ी पुरवा में हुआ नीतीश संवाद, शालिनी सिंह पटेल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा।

बांदा। जनपद के बबेरू तहसील अंतर्गत कमासिन ब्लॉक की ग्राम पंचायत अरवारी के मजरा तोड़ी पुरवा में सुशासन दिवस के अवसर पर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय प्रवक्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान शालिनी सिंह पटेल ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर और उनके शासनकाल में लागू की गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुशासन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्रत्येक नागरिक को सम्मान एवं समान अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि बिहार में महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, बालिकाओं को साइकिल योजना के माध्यम से शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने, युवाओं को अवसर देने तथा सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही सामाजिक न्याय, महिला सशक्तीकरण और वंचित वर्गों के उत्थान को भी प्राथमिकता दी गई है।

शालिनी सिंह पटेल ने ग्रामीणों के साथ बैठकर उनकी स्थानीय समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनकी आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। राजनीति केवल पद और सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा और उनके अधिकारों के लिए काम करने का जरिया होनी चाहिए।

कार्यक्रम के आयोजक छोटे लाल यादव एवं सह-संयोजक भरत लाल यादव रहे। इस दौरान संगठनात्मक विस्तार के तहत भरत लाल यादव को जनता दल यूनाइटेड का कमासिन ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेडीयू के जिलाध्यक्ष जुगुल किशोर पटेल ने की।

इस अवसर पर दिव्यांग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बिहारी लाल अनुरागी, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रामभवन पटेल, बबेरू ब्लॉक अध्यक्ष भूरा निषाद और अनुरुद्ध सिंह यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और ग्रामीणों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने का संकल्प लिया गया।

About NW-Editor

Check Also

सपा जिलाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता कर उठाए जिले की बदहाल व्यवस्था के मुद्दे, बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जनपद की बदहाल व्यवस्थाओं और जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *