न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। अदालत का फर्जी दोषमुक्ति आदेश तैयार कर पुलिस विभाग को गुमराह करने वाले एक मुख्य आरक्षी को बांदा पुलिस ने प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने खिलाफ दर्ज पुराने आपराधिक मुकदमे से बचने के लिए न्यायालय के नाम से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर विभाग में जमा करने का आरोप है। पुलिस ने उसे प्रयागराज के म्योर रोड इलाके से गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुराने मुकदमे से बचने के लिए बनाया फर्जी आदेश
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2005 में थाना नरैनी में तत्कालीन आरक्षी भाई लाल के खिलाफ मारपीट, घर में घुसने, धमकी देने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 21/05 के तहत कार्रवाई हुई थी। विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया था।
विभागीय जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा
आरोप है कि पुराने मुकदमे की कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भाई लाल ने न्यायालय का फर्जी दोषमुक्ति आदेश तैयार कराया और उसे पुलिस विभाग में जमा कर दिया। इस दस्तावेज के जरिए उसने खुद को मुकदमे में दोषमुक्त साबित करने का प्रयास किया। हालांकि, विभागीय स्तर पर जब आदेश की सत्यता की जांच कराई गई तो दस्तावेज कूटरचित पाया गया। इसके बाद आरोपी की मुश्किलें बढ़ गईं।
वर्ष 2025 में दर्ज हुआ था दूसरा मुकदमा
फर्जी आदेश के जरिए विभाग को गुमराह करने का मामला सामने आने के बाद वर्ष 2025 में थाना नरैनी में आरोपी मुख्य आरक्षी भाई लाल के खिलाफ धोखाधड़ी और जाली दस्तावेज तैयार करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत कार्रवाई की गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
पुलिस टीम ने प्रयागराज में दी दबिश
पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नरैनी पुलिस को आरोपी के प्रयागराज में मौजूद होने की सूचना मिली। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने म्योर रोड इलाके में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक सौरव गौतम और कांस्टेबल अवधेश यादव शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरक्षी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फर्जी न्यायिक दस्तावेज तैयार कर सरकारी विभाग को गुमराह करने के इस मामले ने पुलिस महकमे में भी हलचल पैदा कर दी है।
News Wani
