न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा।
बांदा में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के करीब छह साल पुराने मामले में न्यायालय ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए दोषी को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 17 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। पुलिस की प्रभावी पैरवी और न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर यह फैसला सुनाया गया।
2020 में दर्ज हुआ था मुकदमा
मामला कोतवाली देहात थाना क्षेत्र का है। अभियोजन के अनुसार, 6 फरवरी 2020 को ग्राम जारी निवासी राजेश पुत्र शिवदास के खिलाफ एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 354(क), 452, 376, 323, 504, 506 और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
साक्ष्यों के आधार पर हुई दोषसिद्धि
मामले की विवेचना तत्कालीन उपनिरीक्षक रमाकांत शुक्ला ने की थी। विवेचना पूरी होने के बाद आवश्यक साक्ष्यों के साथ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को प्रभावी ढंग से न्यायालय के सामने रखा।
विशेष लोक अभियोजक शिवपूजन सिंह ने मामले में प्रभावी पैरवी की। वहीं कोर्ट मोहर्रिर महिला आरक्षी निरंजन कुमारी और पैरोकार आरक्षी देवीदयाल ने भी न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग किया।
पुलिस की प्रभावी पैरवी से मिला न्याय
पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन और मिशन शक्ति अभियान के तहत गंभीर अपराधों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जा रही है। इसी क्रम में न्यायालय ने अभियुक्त राजेश को दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष के कारावास और 17 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।
इस फैसले को नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में न्यायिक कार्रवाई और प्रभावी अभियोजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
News Wani
