न्यूज़ वाणी ब्यूरो, लखनऊ। भारत के प्रतिष्ठित धार्मिक परिवार खानवाद-ए-अशरफिया किछौछा शरीफ के लिए गौरव का अवसर है। खानवाद-ए-अशरफिया के चश्मो-चिराग एवं युवा इस्लामी धर्मगुरु अल्लामा अज़हरी सैयद नोमान मियां अशरफी जिलानी किछौछवी ने मिस्र के काहिरा स्थित विश्वविख्यात जामिया अल-अज़हर विश्वविद्यालय से हदीस के क्षेत्र में तख़स्सुस (विशेषज्ञता) की उपाधि प्राप्त कर महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल की है। परिवार की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैयद नोमान मियां खानवाद-ए-अशरफिया किछौछा शरीफ के पहले अज़हरी हैं, जिन्होंने हदीस में यह विशेष उपाधि हासिल की है।
उनकी इस उपलब्धि को खानवाद-ए-अशरफिया के धार्मिक एवं शैक्षणिक इतिहास में एक नए स्वर्णिम अध्याय के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि अल्लामा अज़हरी सैयद नोमान मियां महान इस्लामी विद्वान मुहद्दिस-ए-आज़म-ए-हिंद के प्रपौत्र तथा प्रतिष्ठित आध्यात्मिक धर्मगुरु खतीब-ए-आज़म-ए-हिंद पीर सैयद मोहम्मद मक्की राशिद मियां अशरफी जिलानी किछौछवी के सुपुत्र हैं। उनके पिता को देश-विदेश में धार्मिक मार्गदर्शन, आध्यात्मिक शिक्षा, प्रेम, भाईचारे और इंसानियत के संदेश के लिए विशेष सम्मान प्राप्त है।
अपने पूर्वजों की गौरवशाली धार्मिक एवं शैक्षणिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए सैयद नोमान मियां ने उच्च इस्लामी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उनकी यह उपलब्धि धार्मिक शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। धार्मिक विद्वानों और शुभचिंतकों ने उम्मीद जताई कि सैयद नोमान मियां अपनी विद्वत्ता और धार्मिक ज्ञान के माध्यम से नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करने के साथ समाज में शिक्षा, शांति, सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और मानवता की भावना को मजबूत करेंगे।
उनके ज्ञान का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचेगा तथा इस्लामी अध्ययन और हदीस की शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। इस उपलब्धि पर खानवाद-ए-अशरफिया के सदस्यों, उलेमा-ए-किराम, धार्मिक हस्तियों और देश-विदेश के अकीदतमंदों ने अल्लामा अज़हरी सैयद नोमान मियां को हार्दिक मुबारकबाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शुभचिंतकों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी विद्वत्ता भारत की तरक्की, समाज के कल्याण, मानवता की सेवा और अमन-ओ-मोहब्बत के प्रसार का माध्यम बनेगी। खानवाद-ए-अशरफिया की गौरवशाली विरासत में जुड़ी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा, विद्वत्ता और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
News Wani
