फतेहपुर। प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री कालिका माता मंदिर का वार्षिकोत्सव धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। उत्सव के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। सुबह से ही माता रानी के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचे और माता रानी के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने हवन कुंड में आहुतियां डालकर सुख-समृद्धि की कामना की तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान सभी ने माता कालिका से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने भक्तिगीतों और मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का स्वागत किया गया और सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
उत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए थे।
इस मौके पर राहुल लोधी, रविंद्र यादव, रेनू लोधी, ज्योति लोधी, सोनू गुप्ता, राजन गुप्ता, लालजी यादव, जीतू मल्होत्रा, अभय कालिका जोशी, दीपक साहू, किशन यादव, आनंद श्रीवास्तव, अशोक कश्यप, अवधेश यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
News Wani
