पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर बुधवार दोपहर एक युवक पर छह लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियारों से युवक को निशाना बनाया। हमले में उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है। घटना दोपहर करीब 1:15 बजे कोर्ट के सामने हुई। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, हमले में शामिल लोग दो स्कूटरों पर सवार होकर पहुंचे थे। उन्होंने युवक पर अचानक हमला कर दिया। इस दौरान गोली चलने की भी जानकारी सामने आई, हालांकि पुलिस को घायल के शरीर पर गोली लगने के निशान नहीं मिले हैं।
हमले के बाद स्कूटर से फरार हुए आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी छह हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल युवक किसी तरह सड़क पार कर फुटपाथ तक पहुंचा, जहां वह गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल ससून अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
घटनास्थल से पुलिस को दो पिस्टल और एक मैगजीन बरामद हुई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और घटना के वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
हत्या के मामले में आरोपी था घायल युवक
पुलिस के अनुसार, मंदार किवले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोशनगर-कात्रज इलाके में शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। बताया गया कि यह विवाद जमीन और पैसों के लेनदेन से जुड़ा था। इस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वह घटना से महज चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।
पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया है। हालांकि हमले के पीछे की वास्तविक वजह का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान का किया दावा
पुणे सिटी पुलिस के डीसीपी (क्राइम) गौहर हसन के मुताबिक, घटना में शामिल संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
फिलहाल इस घटना ने कोर्ट जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
News Wani
