Breaking News

गन्ने की कीमत को लेकर किसानों का प्रदर्शन, मुंबई-बंगलूरू हाईवे पर लगा जाम; पुलिस ने गूगल मैप से की खास अपील

पुणे। महाराष्ट्र और कर्नाटक की सीमा पर गन्ने की कीमत और इथेनॉल की दरों को लेकर किसानों का आंदोलन जारी है। इसके चलते मुंबई-बंगलूरू राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कोल्हापुर से बेलगावी और बंगलूरू की ओर जाने वाले वाहन जाम में फंस रहे हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने यात्रियों से प्रभावित मार्ग पर जाने से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

गन्ने की कीमत और इथेनॉल दरों को लेकर किसानों का आंदोलन

कर्नाटक के कोगनोली टोल प्लाजा पर किसान मंगलवार सुबह से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ने का उचित मूल्य और इथेनॉल की दरों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा भी किसान अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार सुबह तक प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ था।

पुलिस ने गूगल मैप से क्या मदद मांगी?

हाईवे पर लग रहे जाम और यात्रियों की परेशानी को देखते हुए पुलिस ने गूगल मैप से प्रभावित सड़क को बंद दिखाने का अनुरोध किया है। पुलिस चाहती है कि यात्रियों को जाम, संभावित देरी और रास्ते में आने वाली बाधाओं के बारे में अलर्ट मिले, ताकि वे समय रहते दूसरा मार्ग चुन सकें।

इस पहल का उद्देश्य लंबी दूरी की यात्री बसों और भारी मालवाहक वाहनों को जाम में फंसने से बचाना है। हालांकि, गूगल मैप पर सड़क बंद होने और वैकल्पिक रास्तों से संबंधित जानकारी दिखना संबंधित अपडेट स्वीकार और उपलब्ध होने पर निर्भर करेगा।

यात्रियों के लिए पुलिस ने बताए दो वैकल्पिक मार्ग

कोल्हापुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रंजन कुमार शर्मा ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। पुलिस के मुताबिक, जाम समाप्त होने और यातायात सामान्य होने में समय लग सकता है।

यात्रियों की सुविधा के लिए दो वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं।

पहला मार्ग: सतारा, रहिमतपुर, विटा, तासगांव, मिरज, गोकाक होते हुए बेलगावी।

दूसरा मार्ग: सतारा, कराड, इस्लामपुर, आष्टा, मिरज, कागवाड़, गोकाक होते हुए बेलगावी।

इन मार्गों पर यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

यातायात सामान्य होने पर हटाए जाएंगे अलर्ट

पुलिस के अनुसार, आंदोलन समाप्त होने और हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य होने के बाद गूगल मैप को स्थिति की जानकारी दी जाएगी, ताकि जरूरत के अनुसार सड़क बंद होने से संबंधित चेतावनियां हटाई जा सकें।

फिलहाल यात्रियों को सलाह दी गई है कि मुंबई-बंगलूरू हाईवे पर निकलने से पहले यातायात की ताजा स्थिति की जांच करें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।

About NW-Editor

Check Also

महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई बोलेरो; 3 बच्चों समेत 8 की मौत

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बच्चों समेत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *