Breaking News

मेरठ हत्याकांड: सजा से पहले अदालत में पेश हुए मुस्कान और साहिल, बेटी से मिलने की इच्छा जताई

मेरठ। चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में सजा सुनाए जाने से पहले मुस्कान रस्तौगी और साहिल शुक्ला को जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला जज की अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने दोनों से पूछा कि सजा सुनाए जाने से पहले वे कुछ कहना चाहते हैं या नहीं। जेल प्रशासन के अनुसार, दोनों ने अदालत के सामने अपना पक्ष रखा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी

सीनियर जेल सुपरिटेंडेंट वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, मुस्कान और साहिल को अलग-अलग अदालत के सामने पेश किया गया। सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने विभिन्न बिंदुओं पर सवाल किए, जिनमें फॉरेंसिक रिपोर्ट से जुड़े सवाल भी शामिल थे। हालांकि, जेल प्रशासन ने सवालों का विस्तृत ब्योरा साझा नहीं किया।

जेल अधीक्षक ने बताया कि सुनवाई संक्षिप्त रही। अदालत की ओर से अगला आदेश जारी होने पर जेल प्रशासन दोनों को नियमानुसार पेश करेगा। मामले में सजा सुनाए जाने की अगली प्रक्रिया को लेकर अब अदालत के आदेश का इंतजार है।

जेल में बेचैन बताए जा रहे दोनों

जेल प्रशासन के अनुसार, मुस्कान और साहिल पिछले कुछ दिनों से परेशान और बेचैन नजर आ रहे हैं। बताया गया कि दोनों ने रात और सुबह के भोजन में कम खाना खाया है। साथ ही, उन्हें ठीक से नींद नहीं आने की बात भी सामने आई है।

बेटी से मिलने की इच्छा जता रही मुस्कान

जेल अधीक्षक के मुताबिक, मुस्कान पिछले तीन से चार दिनों से अपनी बड़ी बेटी से मिलने की गुजारिश कर रही है। बच्ची की उम्र करीब सात साल बताई गई है। हालांकि, अब तक उसे मां से मिलवाने के लिए जेल नहीं लाया गया है।

फिलहाल, इस बहुचर्चित हत्याकांड में अदालत की अगली कार्रवाई और सजा से संबंधित आधिकारिक आदेश पर सभी की निगाहें टिकी हैं। सजा सुनाए जाने की तारीख और आगे की कार्यवाही की जानकारी अदालत के आदेश के बाद ही स्पष्ट होगी।

About NW-Editor

Check Also

मेरठ में योगी-नितिन नवीन का शक्ति प्रदर्शन, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर

मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों के बीच सोमवार को मेरठ में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *