मेरठ। केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद मंगलवार को इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने मंडी के दोनों प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग की है। करीब पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ PAC को भी तैनात किया गया है। पुलिस की ओर से लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से घरों के अंदर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
केसरगंज मंडी में आने-जाने वालों की ID की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। एहतियात के तौर पर आसपास की कई दुकानें भी बंद कराई गई हैं। पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली पोस्ट पर भी नजर रखी जा रही है।
निर्माण को लेकर सितंबर में शुरू हुआ था विवाद
केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य को लेकर 10 सितंबर को विवाद शुरू हुआ था। व्यापारियों ने निर्माण को लेकर आपत्ति जताते हुए इसे बिना अनुमति कराया जा रहा काम बताया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया था।
इसके बाद व्यापारियों की ओर से मस्जिद और आसपास के निर्माण की जांच की मांग की गई। दूसरी ओर मस्जिद कमेटी ने आरोपों को खारिज करते हुए मस्जिद को ऐतिहासिक धरोहर बताया था। 13 सितंबर को सांसद अरुण गोविल ने भी जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग की थी।
29 सितंबर को पाठ के ऐलान के बाद पुलिस अलर्ट
विवाद के बीच 27 और 28 सितंबर को हिंदू रक्षा दल के नेताओं पिंकी चौधरी और ललित शर्मा ने 29 सितंबर को मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ करने का ऐलान किया। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल लगाया गया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की।
पुलिस ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस की ओर से लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कैंट सीओ संजय गुप्ता ने भी बताया कि सोशल मीडिया पर एक स्थान पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने की घोषणा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है और लोगों को भ्रामक खबरों से बचना चाहिए।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी शांति की अपील की
सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद ने लोगों से मेरठ के पुराने भाईचारे और आपसी सौहार्द को बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोनों समुदाय अपने-अपने धार्मिक कार्य निर्धारित स्थानों पर करें और किसी भी स्थिति में माहौल खराब नहीं होना चाहिए।
फिलहाल केसरगंज मंडी में पुलिस की तैनाती बनी हुई है। प्रशासन की प्राथमिकता इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी तरह के विवाद को बढ़ने से रोकना है।
News Wani
