गोरखपुर। शहर में कोचिंग के लिए निकले 15 वर्षीय छात्र प्रिंस का शव पांच दिन बाद चिलुआताल में मिला। प्रिंस इसी साल हाईस्कूल में स्कूल टॉप कर चुका था। वह 23 सितंबर को कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए एक लड़की के परिवार पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने लड़की, उसके माता-पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रिंस कैंट थाना क्षेत्र के बेतियाहाता स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ता था। घटना वाले दिन उसकी परीक्षा भी थी। परिजनों के मुताबिक, वह सुबह करीब 8 बजे घर से कोचिंग के लिए निकला, लेकिन संस्थान में पहुंचा ही नहीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
मोबाइल की आखिरी लोकेशन पीपीगंज में मिली
परिजनों ने दोस्तों और रिश्तेदारों से संपर्क करने के बाद चिलुआताल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र के मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच शुरू की। जांच के दौरान मोबाइल की आखिरी लोकेशन पीपीगंज क्षेत्र में मिली। इसके बाद फोन बंद हो गया।
पुलिस ने छात्र के घर से पीपीगंज तक के संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। इस दौरान छात्र की तलाश लगातार जारी रही।
पांच दिन बाद तालाब में मिला शव
सोमवार शाम गांव वालों ने चिलुआताल में एक शव उतराता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। शव की हालत खराब हो चुकी थी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। छात्र के पिता ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान प्रिंस के रूप में की।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया।
लड़की से बातचीत की बात सामने आई
प्रिंस के पिता का कहना है कि उनका बेटा एक लड़की से बातचीत करता था। परिवार को आशंका है कि इसी विवाद के चलते उसके साथ कोई अनहोनी हुई। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने लड़की, उसके भाई और माता-पिता को हिरासत में लिया है। सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस लड़की के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है। फिलहाल छात्र की मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
परिवार में इकलौते बेटे की मौत से मातम
प्रिंस अपने परिवार का इकलौता बेटा था। पिता नंदकिशोर मेडिकल स्टोर चलाते हैं। परिवार में पत्नी लक्ष्मीना और बेटी शालिनी हैं। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजन पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
News Wani
