Breaking News

रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर हर जिले में निकलेगी पदयात्रा, पीएम को भेजेंगे ज्ञापन; दीप जलाकर लेंगे राज्य बनने तक संघर्ष का संकल्प

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर 19 नवंबर को बुन्देलखण्ड क्षेत्र में अलग राज्य की मांग को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जिलों में पदयात्राएं निकालकर लोगों को बुन्देलखण्ड राज्य निर्माण के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान में विद्यार्थियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा।

बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ने बताया कि अभियान के तहत विद्यालयों, इंटर कॉलेजों, डिग्री कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों व युवाओं को जोड़ा जाएगा। कार्यक्रमों में महारानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ दीप प्रज्वलित किया जाएगा। इसके अलावा पृथक बुन्देलखण्ड राज्य के निर्माण तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि झांसी, चिरगांव, ललितपुर, बांदा, बबेरू, महोबा, हमीरपुर, जालौन और चित्रकूट सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय पदाधिकारी कार्यक्रमों का संचालन करेंगे। दिल्ली में भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। फतेहपुर के खागा क्षेत्र में समिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव त्रिपाठी और रामप्रसाद विश्वकर्मा कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेंगे।

पृथक बुन्देलखण्ड राज्य की मांग को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन भी भेजा जाएगा। समिति अध्यक्ष ने कहा कि बुन्देलखण्ड की पहचान, विकास और क्षेत्र के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए जनजागरण अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि तीन करोड़ बुन्देलियों की अस्मिता और भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर जनसंगठन को मजबूत किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर शांतिपूर्ण सत्याग्रह का रास्ता भी अपनाया जाएगा। समिति का संकल्प है कि बुन्देलखण्ड राज्य का निर्माण होने तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

About NW-Editor

Check Also

गैंगस्टर एक्ट में चार दोषियों को 5-5 वर्ष का कठोर कारावास छह – छह हजार का लगा अर्थदंड

  न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। जनपद बांदा में संगठित अपराध एवं गैंगस्टर गतिविधियों के विरुद्ध …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *