Breaking News

धाता में सड़क हादसे ने छीनी 22 वर्षीय युवक की जिंदगी, दो साथी गंभीर हालत में अस्पताल रेफर

धाता, फतेहपुर। धाता थाना क्षेत्र के नगरुवा मोड़ के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि मृतक के बड़े भाई की भी करीब दस वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। अब छोटे भाई की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, धाता थाना क्षेत्र के भूला गांव निवासी दिनेश कुमार प्रजापति (22) पुत्र सूरजपाल अपने साथी दीपक कुमार (20) पुत्र शिवमंगल और विक्रम (19) पुत्र तेजबली के साथ प्रतापगढ़ जिले के मनगढ़ घूमने गए थे। उनके साथ दो अन्य साथी भी थे। वापसी के दौरान दोनों साथी पहले ही गांव पहुंच गए, जबकि दिनेश, दीपक और विक्रम किसी काम से धाता में रुक गए।

बुधवार शाम तीनों युवक एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नगरुवा मोड़ के पास सड़क पार करते समय उनकी बाइक की अज्ञात ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक और विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया।

उधर, दिनेश की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार में पहले बड़े बेटे और अब छोटे बेटे की सड़क हादसे में मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो अन्य घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

खागा में अवैध मौरंग कारोबार पर नहीं लग रहा अंकुश, ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से सुरक्षा पर खतरा

खागा, फतेहपुर। जिले में ओवरलोडिंग और अवैध खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए गठित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *