Breaking News

बुढ़वा गांव में धर्म संस्कार महोत्सव की धूम, कृष्ण लीला के मंचन पर भक्त हुए भावविभोर

अमौली, फतेहपुर। विकासखंड के बुढ़वा गांव में आयोजित 17वें धर्म संस्कार महोत्सव एवं श्री विष्णु महायज्ञ मेले के दूसरे दिन बुधवार को धार्मिक आस्था, सेवा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर स्वास्थ्य शिविर में जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, वहीं दूसरी ओर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के सजीव मंचन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कालिया नाग नाथन से लेकर कंस वध तक की लीलाओं के मंचन से पूरा मेला परिसर जयकारों से गूंज उठा।

महोत्सव के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय की टीम ने 189 लोगों की आंखों की जांच की। जांच के दौरान 13 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए, जिनका 21 नवंबर को निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। वहीं अमौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डॉ. पुष्कर कटियार के नेतृत्व में डॉ. तृप्ति गुप्ता, डॉ. आशीष, एलटी जगमोहन सहित स्वास्थ्य टीम ने मरीजों का परीक्षण कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। शिविर की ओपीडी में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

धार्मिक आयोजन का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण और बलदाऊ की भव्य रथ यात्रा रही। रथ पर सखियों के साथ भगवान श्रीकृष्ण तथा घोड़े पर बलदाऊ सवार होकर नगर भ्रमण करते हुए मेला परिसर पहुंचे। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके बाद मेला परिसर में कालिया नाग नाथन लीला का मनमोहक मंचन किया गया। केशी राक्षस वध, कुवलयापीड़ हाथी वध, धोबी लीला और अंत में कंस वध का जीवंत मंचन हुआ। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कंस का वध करते ही श्रद्धालु जय श्रीकृष्ण के जयकारों से झूम उठे। गांव में घर-घर भगवान को भोग अर्पित कर आरती की गई और खुशी में दीप प्रज्वलित किए गए।

इस अवसर पर मेला संयोजक विमलेश त्रिवेदी, अध्यक्ष बृजेंद्र सचान, चंदन सचान, विराट शुक्ला, वैभव अवस्थी, उमेश त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में कौशल प्रतियोगिता की तैयारी तेज, 2192 युवाओं ने दिखाया हुनर का दम

फतेहपुर। युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें कौशल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *