फतेहपुर। युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें कौशल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जनपद में जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। ये प्रतियोगिताएं 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक आयोजित होंगी। इसमें जिले के 16 से 21 वर्ष आयु वर्ग के 2192 युवाओं ने 56 विभिन्न स्किल्स में सिद्ध पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को दूसरे चरण में राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन राजकीय आईटीआई में आठ स्किल्स में 56 प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। वहीं, दूसरे दिन 20 नवंबर को सुबह 10 बजे से नौ स्किल्स में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इनमें ब्रिकलेइंग में तीन, सीएनसी टर्निंग में 27, इलेक्ट्रॉनिक्स में 257, फैशन टेक्नोलॉजी में 62, हेयरड्रेसिंग में छह, आईसीटी नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर में 17, इंटेलिजेंट सिक्योरिटी टेक्नोलॉजी में सात, मेकाट्रॉनिक्स में 16 तथा पेंटिंग एंड डेकोरेटिंग में 37 पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में किया जाएगा।
News Wani
