Breaking News

मीरजापुर के लोढ़वा गांव में एक महीने से जलभराव, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी; पांच दिन में समाधान नहीं तो होगा ब्लॉक का घेराव

शशि भूषण दूबे कंचनीय / रोमेश रंजन दूबे, न्यूज़ वाणी, मीरजापुर।

मीरजापुर। जमालपुर विकासखंड की ग्राम सभा लोढ़वा में पिछले करीब 30 दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। गांव की गलियों में गंदा पानी जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि गलियों में लंबे समय से पानी जमा होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। गंदे पानी के बीच से गुजरने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। साथ ही मच्छरों के बढ़ने और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

ग्रामीणों ने अपनी समस्या कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल के सामने रखी। इस पर डॉ. पटेल ने ब्लॉक प्रमुख और खंड विकास अधिकारी से बातचीत कर जलभराव की समस्या का समाधान कराने की मांग की। उनका कहना है कि अधिकारियों की ओर से आश्वासन तो दिया गया, लेकिन अभी तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दी है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल ने प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर गांव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ जमालपुर ब्लॉक कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। गांवों में सफाई और जलनिकासी जैसी समस्याओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने आसपास के अन्य गांवों में भी व्याप्त जनसमस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान के लिए आवाज उठाने की बात कही।

इस मौके पर गुलाबचंद पांडेय, रामलखन मास्टर, प्रदीप पटेल, मेटी बियार, पारस बियार, संतोष पटेल, बीडीसी सदस्य बबुनी, कमलेश, राकेश, शिवकुमार, डमरू, रामलाल, वकील, आशा, सुनीता, ममता, गीता, आरती, संगीता, मनोरमा, पार्वती, सुबरन, नंदलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

“अब तोहे बंद कयके डंडा से मारब…”: SDM के सामने जल निगम अधिकारियों पर भड़के BJP विधायक रत्नाकर मिश्रा, मचा बवाल

मिर्जापुर. नमामि गंगे परियोजना के तहत चल रही हर घर नल योजना में लापरवाही पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *