न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जनपद बांदा में भक्ति, आस्था और अध्यात्म का भव्य संगम होने जा रहा है। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान एवं सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के तत्वावधान में 26 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन परम पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज द्वारा किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शनिवार, 21 नवंबर को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।
कथा का आयोजन जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज ग्राउंड, बांदा में किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशाल एवं आकर्षक पंडाल तैयार कराया जा रहा है। कथा में शामिल होने वाले भक्तों के लिए बैठने सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा पूरे आयोजन के दौरान अनवरत भंडारा भी संचालित रहेगा, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भोजन की सुविधा मिल सके।
25 नवंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
पांच दिवसीय कथा के शुभारंभ से एक दिन पहले 25 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा अलीगंज स्थित रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज ग्राउंड स्थित कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न होगी।
कलश यात्रा में गुर्जर नाका, महेश्वरी देवी, स्टेशन रोड, नया पुल, महाराणा प्रताप चौक और फूलचंद चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्ग शामिल रहेंगे। यात्रा को आकर्षक बनाने के लिए विशेष धार्मिक झांकियों की व्यवस्था की गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजन समिति ने माताओं-बहनों और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर यात्रा में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि कलश यात्रा के माध्यम से पूरे शहर में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बनेगा।
पांच दिनों तक होगा भक्ति और ज्ञान का संगम
26 से 30 नवंबर तक चलने वाली श्री भक्त चरित्र कथा में परम पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज भक्तों को भक्ति, ज्ञान और अध्यात्म से जुड़े प्रसंगों का श्रवण कराएंगे। आयोजन समिति ने जनपद के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं-बहनों और कृष्ण भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का लाभ लेने की अपील की है।
प्रेस वार्ता में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और आयोजन समिति के सदस्यों ने जनपदवासियों से तन-मन-धन से सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकें।
प्रेस वार्ता में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर समिति सदस्य अशोक त्रिपाठी जीतू, राजकुमार शिवहरे, जगराम सिंह चौहान, मालती गुप्ता, राजेश द्विवेदी, संतोष गुप्ता, प्रकाश चंद्र त्रिपाठी, भैरवनाथ कुशवाहा, बन्ना गुप्ता, लल्ला बाजपेयी, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, राजेश मिश्रा, राजकुमार खरे, कमलेश गुप्ता, रामहरी शिवहरे, अंकित बाबू, सज्जू यादव, मदन तिवारी, सज्जू गुप्ता, बाकुराम रामपाल प्रजापति, अवधेश कपूर, आशुतोष तिवारी, संजय ककोनिया, प्रशांत गुप्ता, राकेश बाजपेयी, श्याम सिंह, भुवनेश्वर रावत, मनोज निगम लाला, पंकज रावत, अमित गुप्ता, विनय गुप्ता, कामेश्वर गुप्ता, पुष्कर द्विवेदी, राहुल सिंह, अनुरुद्ध त्रिपाठी दददा एवं सुरेश कान्हा सहित आयोजन समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में समिति ने प्रेस वार्ता में शामिल सभी गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों और सोशल मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
News Wani
