नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के इटली स्थित पुश्तैनी घर को अब म्यूजियम के रूप में विकसित किया गया है। इस घर को खरीदने वाले भारतीय मूल के सुखदेव सिंह कांग ने अमृतसर में इसकी जानकारी दी। उन्होंने गांधी परिवार को भी इस ऐतिहासिक घर को देखने के लिए आने का निमंत्रण दिया है।
इटली के लुसियाना में स्थित यह घर अब भारतीय पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। खासकर केरलम समेत भारत के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। पहले यह मकान बंद रहता था और इसकी चाबी परिवार के पास होती थी, लेकिन अब पर्यटकों की सुविधा के लिए एक महिला केयरटेकर नियुक्त की गई है। इससे लोग घर के अंदर जाकर इसे देख सकते हैं और तस्वीरें भी ले सकते हैं।
सोनिया गांधी के जीवन से जुड़ी यादें होंगी प्रदर्शित
सुखदेव सिंह कांग के मुताबिक, इस घर को केवल एक पुरानी इमारत के रूप में नहीं, बल्कि सोनिया गांधी के जीवन से जुड़ी यादों को संजोने वाले म्यूजियम के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसमें उनके इटली में बिताए शुरुआती जीवन से लेकर भारत में उनके राजनीतिक सफर तक की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
म्यूजियम में सोनिया गांधी के जीवन से जुड़ी तस्वीरें, दस्तावेज और अन्य यादगार वस्तुएं रखने की योजना है। कांग ने कहा कि गांधी परिवार की ओर से जो भी स्मृति चिह्न या वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी, उन्हें भी इस म्यूजियम में जगह दी जाएगी।
पर्यटकों के लिए खोला गया घर
कांग ने बताया कि पहले इस मकान पर ताला लगा रहता था, जिसके कारण यहां पहुंचने वाले पर्यटक इसे बाहर से ही देखकर लौट जाते थे। अब देखरेख के लिए महिला केयरटेकर रखी गई है, जिसकी मदद से पर्यटकों को घर के अंदर प्रवेश मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि भारत से आने वाले कई पर्यटक इस घर को देखने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। लोग यहां पहुंचकर घर की तस्वीरें लेते हैं और सोनिया गांधी से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारी हासिल करते हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के लिए भी गर्व का विषय
सुखदेव सिंह कांग ने कहा कि सोनिया गांधी का जन्म इसी साधारण से घर में हुआ था और आगे चलकर उन्होंने भारतीय राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान हासिल किया। ऐसे में इस घर को संरक्षित करना उनके परिवार के साथ-साथ इटली के स्थानीय ग्रामीणों के लिए भी गर्व की बात है।
उन्होंने गांधी परिवार से अपील की कि वे एक बार इटली आकर इस घर को जरूर देखें। उनका कहना है कि इस म्यूजियम का उद्देश्य सोनिया गांधी के जीवन से जुड़ी यादों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
News Wani
