फतेहपुर। धान की फसल काटने खेत गए किसान और उसकी पत्नी पर सियार ने हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगवाने के साथ उपचार कराया। पत्नी की हालत में सुधार हो गया, लेकिन किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई।
ललौली थाना क्षेत्र के परेठी गांव निवासी किसान रविंद्र कुमार (43) अपनी पत्नी शकुंतला देवी (40) के साथ 27 अक्टूबर की सुबह खेत में धान की फसल काटने गए थे। इसी दौरान अचानक सियार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए। इसके बाद परिजनों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज के एंटी रेबीज विभाग में इंजेक्शन लगवाए। उपचार के बाद पत्नी शकुंतला देवी की हालत में सुधार हो गया था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात अचानक किसान रविंद्र कुमार की तबीयत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें बेहतर उपचार के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल ले गए, जहां भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, शुक्रवार दोपहर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां लक्ष्मी देवी, पत्नी शकुंतला देवी, बेटी पल्लवी और बेटे मिथिलेश कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन किसान का शव लेकर हैलट अस्पताल से गांव लौट आए।
News Wani
