न्यूज़ वाणी संवाददाता, फतेहपुर। हवाई हमले और युद्धकालीन आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए नागरिकों को जागरूक एवं तैयार करने के उद्देश्य से रविवार को जनपद में एयर रेड ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन और नागरिक सुरक्षा विभाग के समन्वय से शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक प्रस्तावित इस मॉकड्रिल के दौरान निर्धारित क्षेत्र में ब्लैकआउट का अभ्यास कराया जाएगा।
इस अभ्यास के तहत नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता बरतने, सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की जानकारी दी जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय पांडेय ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा एवं गृह रक्षक महानिदेशालय, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के क्रम में यह अभ्यास कराया जा रहा है। मॉकड्रिल का आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, वीआईपी रोड पर किया जाएगा। इसमें नागरिक सुरक्षा विभाग जनपद के विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अभ्यास संपन्न कराएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि मॉकड्रिल के दौरान घबराएं नहीं और बच्चों सहित परिवार के सभी सदस्यों को इसकी जानकारी दें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
अभ्यास के दौरान यदि कोई व्यक्ति सड़क पर वाहन चला रहा हो तो उसे अपने वाहन की लाइट बंद कर देनी होगी। मॉकड्रिल समाप्त होने के बाद भी जिला प्रशासन के निर्देश मिलने पर ही घरों से बाहर निकलें।
उन्होंने बताया कि वास्तविक हवाई हमले जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी चाहिए और धैर्य बनाए रखना चाहिए। इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को जागरूक करना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयार करना है।
News Wani
