फतेहपुर। मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और मछुआरा समुदाय को सरकारी योजनाओं एवं आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को विकास भवन सभागार में विश्व मत्स्यिकी दिवस मनाया गया। मत्स्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 102 मत्स्य पालकों एवं मछुआरा समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान मत्स्य पालकों को वैज्ञानिक तरीके से मछली पालन, बेहतर उत्पादन, मछलियों के स्वास्थ्य की देखभाल और विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष लोकनाथ निषाद, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नीरज कुमार निषाद एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कुंवारी सोमती की गरिमामयी उपस्थिति रही। वक्ताओं ने मत्स्य पालकों को संबोधित करते हुए कहा कि मछली पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके लिए मत्स्य पालकों को आधुनिक तकनीक अपनाने के साथ-साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उठाना चाहिए।
प्रभारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य अरुण कुमार पाल ने मछली पालन की उन्नत तकनीकों, मत्स्य कल्याण और सर्दियों के मौसम में मछलियों की मृत्यु दर कम करने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मत्स्य निरीक्षक विजय प्रकाश शुक्ला ने मत्स्य समितियों के गठन, उनके संचालन और विभागीय योजनाओं के बारे में बताया। वहीं, मत्स्य विकास अधिकारी अपर्णा सिंह ने मत्स्य पालकों को मछलियों के आहार प्रबंधन, तालाब के पानी की गुणवत्ता बनाए रखने तथा मछलियों में होने वाले रोगों की पहचान और उनकी रोकथाम के उपाय समझाए।
इस अवसर पर उत्कृष्ट मत्स्य पालकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और अनुभवों पर भी चर्चा की गई। साथ ही मत्स्य पालकों को बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और अन्य विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मत्स्य समितियों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में मत्स्य पालक मौजूद रहे।
News Wani
