फतेहपुर। आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंदों तक विधिक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने पैरालीगल वालंटियर (पराविधिक स्वयंसेवक) के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ-साथ तहसील विधिक सेवा समितियों सदर, बिंदकी और खागा के लिए स्वयंसेवकों का चयन किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 30 नवंबर की शाम पांच बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (पूर्णकालिक) पलाश गांगुली ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की संशोधित परियोजना के तहत आम लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने, विधिक जागरूकता फैलाने और राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं तथा कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पैरालीगल वालंटियर नियुक्त किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी आम जनता और विधिक सेवाओं के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करने की होगी। वे लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकार की ओर से संचालित विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देंगे, ताकि जरूरतमंद लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इन वर्गों के लोग कर सकते हैं आवेदन
चयन प्रक्रिया में सरकारी एवं निजी विद्यालयों के शिक्षक और लेक्चरर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सरकारी एवं निजी चिकित्सक, अन्य सरकारी कर्मचारी, विभिन्न विभागों के फील्ड अधिकारी, स्नातक एवं परास्नातक विधि विद्यार्थी, एनजीओ के सदस्य, जिला कारागार के शिक्षित बंदी, समाजसेवी, पंचायतीराज एवं नगर पालिका के स्वयंसेवक, सहकारी समितियों और व्यापारिक संगठनों के सदस्य तथा ट्रांसजेंडर समुदाय के शिक्षित व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष द्वारा उपयुक्त समझे जाने वाले व्यक्ति भी चयन के पात्र होंगे।
आवेदन के लिए जरूरी शर्तें
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के विरुद्ध किसी भी आपराधिक मामले में अभियुक्त होना नहीं चाहिए। साथ ही उनका शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है।
यहां जमा करें आवेदन पत्र
इच्छुक अभ्यर्थी जनपद न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र भरने के बाद किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय में जमा किया जा सकता है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
News Wani
