न्यूज़ वाणी ब्यूरो महोबा। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर कोतवाली क्षेत्र के कालीपहाड़ी गांव स्थित एक क्रशर प्लांट में चार नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये कीमत की विद्युत केबल चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की देर रात चार नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर क्रशर प्लांट के परिसर में दाखिल हुए। बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश गेट के पास निगरानी करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनके दो साथी परिसर के अंदर विद्युत केबल काटकर चोरी करने में जुटे थे। कीमती केबल समेटने के बाद चारों बदमाश वहां से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई बदमाशों की करतूत
चोरी की घटना प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कैमरों में चार संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई देने से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।
व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की उठाई मांग
घटना के बाद क्षेत्र के क्रशर संचालकों और स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि इलाके में रात के समय पुलिस की गश्त प्रभावी नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
क्रशर प्लांट संचालक ने शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
शहर कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, चोरी की इस वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित रात्रि गश्त सुनिश्चित कराने की मांग की है।
News Wani
