Breaking News

जाफरगंज मेले में कुएं में गिरने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, थाने के बाहर जुटे ग्रामीण

फतेहपुर। जाफरगंज कस्बे में लगे पारंपरिक मेले के दौरान कुएं में गिरकर 50 वर्षीय अधेड़ की मौत के बाद शनिवार सुबह मामला गरमा गया। मृतक के परिजन और कुछ ग्रामीण शव लेकर थाने पहुंच गए। पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप था कि मेले में पुलिस के पहुंचने से भगदड़ मच गई। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के खदेड़ने पर एक युवक कुएं में गिरकर घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। हालांकि, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच और परिजनों की ओर से दी गई तहरीर में पुलिस द्वारा खदेड़ने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।

मृतक की पहचान जाफरगंज थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव निवासी नरेंद्र कुशवाहा (50) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात जाफरगंज कस्बे में पारंपरिक मेला लगा था। इसी दौरान नरेंद्र कुशवाहा कुएं में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ-पैर और कमर में चोटें आई थीं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

शनिवार सुबह परिजन शव लेकर जाफरगंज थाने पहुंच गए। उनके साथ कस्बे के कुछ लोग भी मौजूद थे। इस दौरान पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई। देखते ही देखते थाने के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

उधर, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी। अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली।

जांच में पुलिस के पहुंचने से भगदड़ मचने या किसी पुलिसकर्मी द्वारा नरेंद्र को खदेड़ने की बात सामने नहीं आई है। एसपी के मुताबिक, परिजनों से बातचीत के दौरान भी उन्होंने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। परिजनों की ओर से थाने में दी गई तहरीर में स्पष्ट किया गया है कि नरेंद्र कुशवाहा अंधेरे के कारण कुएं में गिर गए थे।

एसपी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य सरकारी मदद के संबंध में जानकारी दे दी गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नियमानुसार जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

द ओक पब्लिक स्कूल में बाल दिवस पर उमंगों का मेला, बच्चों की प्रतिभा और हुनर ने मोहा मन

फतेहपुर। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को द ओक पब्लिक स्कूल में भव्य बाल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *