न्यूज़ वाणी ब्यूरो महोबा। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने थाना अजनर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, पुलिस अभिलेखों और परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने ड्यूटी रजिस्टर का अवलोकन किया और थाना प्रभारी को रात्रि गश्त प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराधों पर नियंत्रण के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच की जाए। पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
लंबित शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश
थाना कार्यालय में एसपी ने विभिन्न रजिस्टरों और महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। लंबित प्रार्थना पत्रों की समीक्षा करते हुए उन्होंने शिकायतों का निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं को अनदेखा करने और उनके समाधान में अनावश्यक देरी करने पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीसीटीवी और थाना परिसर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पुलिस अधीक्षक ने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जांची और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हवालात, पुलिस बैरक और भोजनालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं बेहतर रखरखाव पर जोर दिया। थाने में खड़े लंबित मुकदमों से संबंधित वाहनों को व्यवस्थित रखने और उन पर मुकदमे का विवरण स्पष्ट रूप से अंकित कराने के निर्देश भी दिए।
महिला शिकायतों के समाधान पर विशेष जोर
एसपी शशांक सिंह ने मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर महिला पुलिसकर्मियों से महिलाओं से जुड़ी शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाए। साथ ही उनसे नियमित फीडबैक लेकर शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान कराया जाए।
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थानों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना बेहद जरूरी है। पुलिसकर्मी जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उनका समयबद्ध समाधान करें। रात्रि गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग में किसी भी तरह की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अजनर विनोद कुमार सहित थाने के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
