महोबा। न्यूज़ वाणी। दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में कुलपहाड़ नगर पंचायत क्षेत्र में मिठाई की दुकानों पर विशेष छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खोया और मिठाइयों सहित खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
दीपावली विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुलपहाड़ बस स्टैंड स्थित श्याम सुंदर स्वीट हाउस में जांच की। यहां से खोया और चीनी से तैयार मिठाई का नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा रामराजा स्वीट्स से खोया का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
एसडीएम और सीओ की अगुवाई में हुई कार्रवाई
विशेष चेकिंग अभियान का नेतृत्व उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ आदेश सिंह सागर और क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध सिंह ने किया। सचल दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंद्रकांत बाजपेई, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार मिश्रा, मनोज कुमार और राम लखन कुशवाहा शामिल रहे। टीम ने दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करते हुए आवश्यक नमूने एकत्र किए।
31 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अब तक विशेष अभियान के तहत विभिन्न बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों से मिठाइयों समेत अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 31 नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं। इन सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली तक जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली तक बाजारों में विशेष निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना और त्योहार के दौरान लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित मिठाइयां उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए हैं।
News Wani
