महोबा। न्यूज़ वाणी। उत्तर प्रदेश शासन के कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कुलजीत सिंह ने महोबा दौरे के दौरान कृषि और उससे जुड़े विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बिरमा भवन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने किसानों की समस्याओं, खाद की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, मंडियों की स्थिति और गोवंश संरक्षण को लेकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय से मिले और उनकी समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
बैठक में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, विद्युत, सिंचाई, सहकारिता, उद्यान और वन विभाग के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। राज्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मंडी में रोजाना प्रदर्शित किए जाएं सब्जियों के भाव
राज्यमंत्री ने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और आम जनता को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सब्जी मंडी की व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी सचिव से कहा कि प्रतिदिन सब्जियों के भाव रेट बोर्ड पर प्रदर्शित किए जाएं, ताकि किसानों और ग्राहकों को सही कीमत की जानकारी मिल सके। साथ ही बाजार में खरीदी जाने वाली सब्जियों की दर से अधिकतम 25 प्रतिशत मूल्य पर बिक्री सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
गोशालाओं में पशुओं की देखभाल पर विशेष ध्यान
गोवंश संरक्षण की समीक्षा करते हुए राज्यमंत्री ने गोशालाओं में चारा, भूसा, पानी और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने उद्यान एवं वन विभाग को प्रत्येक गोशाला में छायादार वृक्ष लगाने के निर्देश दिए, जिससे गर्मी के मौसम में पशुओं को राहत मिल सके। पचपहरा गोशाला के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्दी से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा।
सिंचाई और कृषि योजनाओं की प्रगति परखी
राज्यमंत्री ने लघु सिंचाई विभाग के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराए गए बोरिंग कार्यों तथा भूमि संरक्षण विभाग की खेत तालाब योजना के अंतर्गत निर्मित तालाबों की जानकारी ली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को मिल रहे लाभ की भी समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजकीय नलकूपों का संचालन नियमित रूप से कराया जाए और किसानों को फसलों की सिंचाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
किसानों को बांटी कृषि मिनी किट और सोलर ट्रैप
दौरे के दौरान राज्यमंत्री ने कबरई सीड स्टोर का निरीक्षण किया। यहां किसानों को कृषि मिनी किट वितरित की गईं, जबकि दो किसानों को सोलर ट्रैप प्रदान किए गए। कृषि रक्षा विभाग के अधिकारियों ने किसानों को येलो स्टिकी ट्रैप और सोलर लाइट ट्रैप जैसे आधुनिक कीट नियंत्रण उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने खेत तालाब योजना के तहत निर्मित तालाबों का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
खाद की उपलब्धता और स्टॉक का किया सत्यापन
उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जनपद के निजी खाद विक्रय केंद्रों और सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। राज्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित सरकारी दरों पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने विक्रय केंद्र पर पीओएस मशीन में दर्ज खाद के स्टॉक का वास्तविक भंडार से मिलान भी कराया। जांच में दोनों का स्टॉक सही पाया गया।
सूपा मंडी को जल्द शुरू कराने के निर्देश
राज्यमंत्री ने बुंदेलखंड परियोजना के अंतर्गत निर्मित सूपा मंडी की स्थिति की जानकारी लेते हुए इसे जल्द से जल्द क्रियाशील कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मंडी शुरू होने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा नवीन मंडी महोबा का निरीक्षण कर किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपनिदेशक कृषि सहित कृषि, सिंचाई, पशुपालन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
News Wani
