*महोबा* बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक परंपरा के प्रतीक कजली मेला महोत्सव को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह द्वारा कीरत सागर स्थित कार्यक्रम स्थल, मेला परिसर, शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग एवं संबंधित पुलिस चौकियों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, अपर जिलाधिकारी इंद्र नंदन सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर रविकांत गोंड, क्षेत्राधिकारी अजय पाल सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मेला एवं जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस/प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी एवं उत्तरदायित्वों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था के प्रमुख प्रबंध
मेला परिसर में अस्थाई मेला कोतवाली की स्थापना की गई है, जिसके प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह नामित किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन अस्थाई पुलिस चौकियों का गठन किया गया है।
सादे वस्त्रों में एलआईयू/पुलिस बल की तैनाती की गई है।
आकस्मिक परिस्थितियों से त्वरित निस्तारण हेतु QRT (Quick Response Team) को अलर्ट मोड में रखा गया है।
पर्याप्त पुलिस बल को रिजर्व में रखा गया है।
अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत उच्च क्षमता वाले फायर टेंडर को अलर्ट मोड में रखा गया है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु डायवर्जन प्लान लागू किया गया है तथा महत्वपूर्ण प्वाइंट्स पर यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
मेला परिसर में वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित रखते हुए भीड़ एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें, किसी भी अवांछनीय गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करें तथा किसी भी प्रकार की कमी अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें।
उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने, आमजन के साथ मधुर एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा मेला परिसर में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु/आगंतुक की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
News Wani
