बर्फ से ढकी झील, चारों ओर पहाड़ और कैमरे में कैद यादें… तवांग घूमने आए सैलानियों के लिए यह सफर यादगार होना था, लेकिन एक पल की फिसलन ने इसे खौफनाक हादसे में बदल दिया. अरुणाचल प्रदेश की मशहूर सेला लेक पर जमी बर्फ अचानक मौत का कारण बन गई. केरल से आए दो युवा पर्यटक झील में डूब गए, जबकि इस दर्दनाक मंजर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह घटना न सिर्फ रोमांच की चाह रखने वालों को झकझोर रही है, बल्कि बर्फीले इलाकों में बरती जाने वाली लापरवाही पर भी सवाल खड़े कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार दोपहर अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले की सेला लेक पर हुआ. केरल से आए सात सदस्यीय टूरिस्ट ग्रुप का एक युवक जमी हुई झील पर फिसलकर पानी में गिर गया और डूबने लगा. उसे बचाने के लिए उसके साथी दिनु (26) और महादेव (24) भी झील में उतर गए. हालांकि तीसरा पर्यटक किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन दिनु और महादेव बर्फीले पानी की चपेट में आकर डूब गए. पुलिस अधीक्षक डी.डब्ल्यू. थोंगोन ने बताया कि हादसा बेहद तेजी से हुआ और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला.
घटना की सूचना करीब दोपहर 3 बजे प्रशासन को मिली, जिसके बाद जिला पुलिस, केंद्रीय बलों और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. खराब मौसम, कड़ाके की ठंड और कम दृश्यता के बीच राहत कार्य चलाया गया. इस दौरान दिनु का शव बरामद कर लिया गया, जबकि महादेव की तलाश अंधेरा और कठोर हालात के चलते रोकनी पड़ी. हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसमें बचाव की कोशिशें और झील की खतरनाक स्थिति साफ नजर आती है. प्रशासन ने बताया कि सर्च ऑपरेशन शनिवार सुबह दोबारा शुरू किया जाएगा.
बरामद शव को जांग कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में रखा गया है, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा. पुलिस के अनुसार, सेला लेक और अन्य पर्यटन स्थलों पर पहले से चेतावनी बोर्ड लगे हैं, जिनमें जमी हुई झीलों पर चलने से मना किया गया है. दिसंबर में भी जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर बताया था कि बर्फ की परत कमजोर होती है और इंसान का वजन सहन नहीं कर पाती. 13,000 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर स्थित सेला लेक सर्दियों में बेहद खतरनाक हो जाती है. यह हादसा पर्यटकों के लिए एक सख्त चेतावनी बनकर सामने आया है.
News Wani
