Breaking News

“पति की हत्या केस में सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची पत्नी की गोली मारकर हत्या, फरार हुए आरोपी”

दिल्ली के शालीमार बाग में शनिवार सुबह 52 साल की रचना यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रचना 2023 में अपने पति की हत्या के मामले में मुख्य गवाह थीं। परिवार के मुताबिक, रचना एक पड़ोसी के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रही थीं। घर के पास हाथ-पैर धोते समय हमलावरों ने उन्हें बेहद नजदीक से गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। रचना शालीमार बाग की रहने वाली थीं और अपने इलाके की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की अध्यक्ष भी थीं। इससे पहले, 2023 में रचना के पति और प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र यादव की आपसी रंजिश में गोली मारकर हत्या की गई थी। बिजेंद्र यादव भलस्वा गांव में एक बेकरी के बाहर दोस्तों के साथ बैठे हुए थे, जब हमलावरों ने उन पर करीब छह राउंड फायरिंग की थी।

CCTV फुटेज में एक आरोपी बाइक पर चेहरा ढके दिखा। दूसरे आरोपी का चेहरा साफ दिख रहा है।
CCTV फुटेज में एक आरोपी बाइक पर चेहरा ढके दिखा। दूसरे आरोपी का चेहरा साफ दिख रहा है।

हमलावरों ने नाम पूछकर रचना पर फायरिंग की

पुलिस ने बताया कि उन्हें रचना की हत्या की सूचना सुबह करीब 11 बजे पीसीआर कॉल के जरिए मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रचना को सड़क पर खून से लथपथ पाया। घटनास्थल से एक खाली कारतूस भी बरामद किया गया। क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। आसपास और पीड़ित के घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में सामने आया कि हमलावरों ने रचना को रोका। उनमें से एक ने उनका नाम पूछा और फिर पिस्टल निकालकर सिर में गोली मार दी।

रचना की हत्या के बाद दो हमलावर बाइक से भागे

पुलिस के मुताबिक, रचना को सिर में करीब से गोली मारी गई थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें दो हमलावर पहले से मौके पर घात लगाकर बैठे दिखे। एक आरोपी दिल्ली रजिस्टर्ड नंबर वाली स्पोर्ट्स बाइक लेकर घटनास्थल के पास इंतजार कर रहा था। दूसरे आरोपी ने फायरिंग की और साथी के साथ बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस के मुताबिक, हमलावरों को रचना की पहचान और गतिविधियों की पहले से जानकारी थी।
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों को रचना की पहचान और गतिविधियों की पहले से जानकारी थी।

रचना की हत्या में बिजेंद्र के हत्यारों के शामिल होने का शक

दिल्ली पुलिस के अनुसार, रचना के पति बिजेंद्र पर हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कम से कम नौ आपराधिक मामले दर्ज थे। उनकी हत्या के केस में भरत यादव समेत 6 लोगों को आरोपी बनाया गया था। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी भरत यादव अब भी फरार है। पुलिस को शक है कि रचना की हत्या के पीछे भी भरत की भूमिका हो सकती है। परिवार ने दावा किया कि बिजेंद्र की हत्या के कुछ महीनों बाद उन्हें डराने के लिए भलस्वा स्थित उनके ऑफिस पर भी फायरिंग हुई थी।

बेटी बोली- मां अदालत में गवाही पर अडिग थीं, इसलिए हत्या हुई

पुलिस के अनुसार, रचना अपने पति की हत्या के मामले में मुख्य गवाह थीं और उनका बयान अभियोजन के लिए अहम माना जा रहा था। इस बीच, मृतका की बड़ी बेटी कनिका यादव ने आरोप लगाया कि उनकी मां की हत्या भारत यादव ने साजिश के तहत कराई। कनिका ने कहा कि पिता की हत्या के कुछ आरोपी तिहाड़ जेल में बंद हैं। उनकी मां को इसलिए मारा गया क्योंकि वह अदालत में गवाही पर अडिग थीं और आरोपियों को सजा होने का डर था। पुलिस ने बताया कि रचना यादव के परिवार में दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी उनके साथ रहती थी।

About NW-Editor

Check Also

दिल्ली ने ली राहत की सांस: 5 साल में सबसे साफ हवा, बारिश और तेज हवाएं बनीं वरदान… लेकिन आगे चुनौती बाकी

दिल्ली-एनसीआर की हवा पिछले कई दिनों से लगातार खराब है, अभी भी यह जारी है. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *