फतेहपुर। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों से जोड़ने और खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने का एक और अवसर दिया है। कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को तीसरी बार आवेदन करने का मौका दिया जा रहा है। इसके लिए 26 नवंबर को सुबह 11 बजे से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है, जो 5 दिसंबर की रात 12 बजे तक जारी रहेगी।
उप कृषि निदेशक राम जनम मिश्र ने बताया कि नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर और अन्य व्यक्तिगत कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित कृषि यंत्रों पर भी अनुदान का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत 10 लाख रुपये की परियोजना लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक के साथ कंबाइन हार्वेस्टर सहित अन्य व्यक्तिगत कृषि यंत्रों के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।
कृषि यंत्रों की बुकिंग विभागीय पोर्टल पर जनपदवार ऑनलाइन की जाएगी। इच्छुक किसान पोर्टल पर किसान कॉर्नर के अंतर्गत ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ विकल्प पर क्लिक करके आवेदन कर सकते हैं। किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है।
News Wani
