फतेहपुर। मुहर्रम की सातवीं तारीख को आयोजित होने वाले पारंपरिक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब अकीदतमंदों द्वारा पलंग उठाकर जुलूस निकाला जा रहा था। जैसे ही जुलूस पीलू तले चौराहे के पास पहुंचा, एक पक्ष द्वारा पलंग उठा रहे कुछ युवकों के साथ कथित रूप से अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी गई। देखते ही देखते माहौल गर्माने लगा और मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मौके पर मौजूद मुराइन टोला चौकी इंचार्ज ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाल लिया।
वहीं स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) के अधिकारियों ने भी तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों से वार्ता शुरू की। पुलिस और LIU की सतर्कता एवं सूझबूझ के चलते बढ़ता विवाद समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और संभावित बड़ा बवाल टल गया। घटना की सूचना मिलते ही ताजिया कमेटी के जिम्मेदार पदाधिकारी और समाज के गणमान्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। कमेटी के सदस्यों के सहयोग से माहौल जल्द ही सामान्य हो गया और धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि पुलिस और LIU की टीम समय रहते मौके पर नहीं पहुंचती तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती थी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है तथा एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। मुहर्रम के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी जारी है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
News Wani
