जनकल्याण व सेवा ही संगठन का मूलमंत्र – अन्नू श्रीवास्तव
– फरियादियों की समस्या सुनते जिलाध्यक्ष अनु श्रीवास्तव
फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी के जेल रोड स्थित जिला कार्यालय में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। दिवस प्रभारी के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके न्यायोचित एवं शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान कुल 28 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें लोक निर्माण विभाग, राजस्व, पुलिस तथा कृषि विभाग से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। सेवा, सुशासन और जनहित संगठन की प्राथमिकता है। जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि भाजपा जिला कार्यालय में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें पार्टी पदाधिकारी दिवस प्रभारी के रूप में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनते हैं। जनसुनवाई के दौरान हंसवा विकास खंड के सांतो निवासी महेंद्र सिंह भी अपने परिचितों की समस्याओं को लेकर पहुंचे। उन्होंने जिलाध्यक्ष से मुलाकात के बाद कहा कि भाजपा की यह पहल आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी है और वह इससे पूरी तरह संतुष्ट हैं। इस अवसर पर ओम मिश्रा, पंकज त्रिवेदी, उदय लोधी, कुलदीप भदौरिया, पुष्पराज पटेल, बलराम द्विवेदी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

News Wani