फतेहपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में नेशनल हाईवे-2 पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाकर स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना थरियांव पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के साथ ही स्टंट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर जिले में अपराध और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक नेशनल हाईवे-2 पर तेज रफ्तार और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाते हुए खतरनाक स्टंट करता दिखाई दिया।
थाना थरियांव पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच की तो घटना सही पाई गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल का नंबर UP-71BD-9476 मिला, जो यामाहा MT-15 है। यह बाइक रंजीत कुमार पुत्र प्रेम शंकर निवासी विलंदा, कासिमपुर बीबी हॉल्ट, थाना थरियांव के नाम पर पंजीकृत है।
पुलिस ने बाइक चला रहे युवक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह तेज रफ्तार से खतरनाक स्टंट करने से अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
मामले में पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत मोटरसाइकिल को सीज कर दिया। वहीं थाना थरियांव में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 320/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 270 और 125 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी कर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
