फतेहपुर। बिंदकी कस्बे के मोहल्ला पैगंबरपुर में बंदरों के झुंड से बचने के प्रयास में तीसरी मंजिल से गिरकर 70 वर्षीय आचार्य की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान पंडित रमाकांत तिवारी के रूप में हुई है।
बताया गया कि रमाकांत तिवारी मकान की छत पर रखी पानी की टंकी देखने गए थे। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने उन्हें दौड़ा लिया। बंदरों से बचने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़े। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन आनन-फानन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया। हालांकि, लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बुजुर्ग की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
News Wani
