Breaking News

गंगा में नाव पर पार्टी करना पड़ा भारी: वाराणसी पुलिस का एक्शन, पांच लोग गिरफ्तार

वाराणसी: दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में गंगा नदी में नाव पर पार्टी करने का एक पुराना वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. मामले में थाना दशाश्वमेध पर मुकदमा दर्जकर वीडियो में दिख रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार के शाम से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें गंगा की लहरों पर नाव पर कुछ लोग नॉन वेज पकाते दिखाई दे रहे थे. यह वायरल वीडियो जांच के दायरे में लगाया गया और तत्काल ही संबंधित थाने में इसकी जांच शुरू हुई. जांच में वीडियो में सत्यता सही निकली. इसके बाद वीडियो में दिख रहे लोगों में से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी की जांच जारी है. साथ ही जिस नाव पर पार्टी की जा रही थी, उसे भी सीज कर दिया गया है.

वहीं, आरोपी की पहचान दीपक कुमार (25), अजय साहनी (20), अरुण कुमार (22), अनुराग निषाद (31) और राहुल साहनी (28) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. गंगा में नावों पर नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है. मामले में भारतीय जनता पार्टी के एक मनोनीत पार्षद का भी नाम सामने आ रहा है. आरोप है कि वह भी इस पार्टी में शामिल था. हालांकि इस प्रकरण पर अभी पुलिस कुछ नहीं बोल रही है. कुछ ऐसा ही मामला कुछ दिन पहले वाराणसी के कोतवाली क्षेत्र में भी सामने आया था. यहां पर भी गंगा की लहरों पर रोजा इफ्तार के दौरान नॉनवेज पर परोसने और खाने के मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, जिनकी हाल ही में जमानत हुई है. पुलिस ऐसे मामलों में वायरल वीडियो की जांच के बाद कार्रवाई कर रही है.

About NW-Editor

Check Also

वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कार की चपेट में आए चार कांवड़िये; एक की हुई मौत

वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे विश्राम कर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *