न्यूज वाणी ब्यूरो, बांदा। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में पं. जे.एन. कॉलेज मैदान में आयोजित पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के चौथे दिन रविवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कथा व्यास पूज्य इंद्रेश जी महाराज ने संत सूरदास के जीवन प्रसंगों के माध्यम से प्रभु के प्रति समर्पण, विश्वास और निष्काम भक्ति का संदेश दिया। कथा पंडाल में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति को उन्होंने सनातन संस्कृति की मजबूती का प्रमाण बताया। सोमवार, 30 नवंबर को कथा का विश्राम होगा।
महाराज जी ने कहा कि सच्चा भक्त हर परिस्थिति में प्रभु की इच्छा को स्वीकार करता है। सामान्य मनुष्य भगवान से शिकायत और अर्जी करता रहता है, लेकिन भक्त हर परिस्थिति में उनकी कृपा का अनुभव करता है। उन्होंने कहा कि भक्त का भाव होना चाहिए- ‘न कोई शिकायत, न कोई अर्जी, कर लो करा लो प्रभु, जो है तेरी मर्जी।’
उन्होंने श्रद्धालुओं से एक महीने तक प्रभु से कुछ मांगने के बजाय उनकी इच्छा पर विश्वास रखने और प्रतिदिन तुलसीदास जी की चौपाई ‘जेहि विधि नाथ होय हित मोरा, करहु सुबेगि दास मैं तोरा’ का पाठ करने की अपील की।
धन-संपत्ति नहीं, हरि स्मरण ही वास्तविक भलाई
महाराज जी ने कहा कि लोग मकान, संपत्ति, खेती और धन-संपदा को अपनी भलाई मानते हैं, जबकि वास्तविक कल्याण वह है जिसमें एक क्षण के लिए भी मन से भगवान का स्मरण न छूटे। मनुष्य को पूरी मेहनत से कर्म करना चाहिए, लेकिन उसके परिणाम को प्रभु की इच्छा पर छोड़ देना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से धन के मोह के बजाय राम नाम का स्मरण करने का संदेश दिया।
सूरदास के प्रसंग से समझाया प्रभु पर विश्वास
संत सूरदास के जीवन प्रसंग का वर्णन करते हुए महाराज जी ने बताया कि जब किसी ने उनसे पूछा कि जिस भगवान ने उन्हें आंखें नहीं दीं, वे उसी का गुणगान क्यों करते हैं, तो सूरदास जी ने प्रभु के प्रति अपने विश्वास का अनूठा उदाहरण दिया।
उन्होंने बताया कि सूरदास जी का भाव था कि भगवान ने दूसरों को आंखें देकर स्वयं संभलकर चलने की जिम्मेदारी दी, जबकि उन्हें आंखें न देकर प्रभु ने भरोसा दिलाया कि कठिन रास्तों पर वह स्वयं उनका हाथ थामकर चलेंगे।
इस प्रसंग के माध्यम से महाराज जी ने बताया कि सच्ची भक्ति का आधार प्रभु पर विश्वास है। उन्होंने सूरदास जी के भक्ति पदों का गायन किया, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
चित्रकूट के तपस्वी संतों की साधना का सम्मान करें
चित्रकूट धाम यात्रा का अनुभव साझा करते हुए इंद्रेश जी महाराज ने भगवान कामतानाथ के दर्शन और टाटी घाट पर संतों के सानिध्य का उल्लेख किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से टाटी घाट को पिकनिक स्थल न बनाने और वहां साधना कर रहे तपस्वियों की एकांत साधना का सम्मान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि चित्रकूट में आज भी संत एकांत में साधना कर रहे हैं, जो बुंदेलखंड के लिए सौभाग्य की बात है। श्रद्धालु वहां जाएं तो सेवा और श्रद्धा के भाव से जाएं, भीड़ जुटाने या वीडियो वायरल करने के उद्देश्य से नहीं।
बुंदेलखंड और ब्रज का आध्यात्मिक संबंध
महाराज जी ने ब्रज और बुंदेलखंड के संतों के आध्यात्मिक संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बुंदेलखंड के अनेक संतों ने वृंदावन की भक्ति परंपरा को समृद्ध किया है। उन्होंने ओरछा के हरिराम व्यास और स्वामी हरिदास परंपरा का उल्लेख करते हुए बुंदेलखंड की आध्यात्मिक विरासत की सराहना की।
हरिराम व्यास जी के प्रसिद्ध पद का गायन कर उन्होंने श्रद्धालुओं को ब्रज भक्ति की भावधारा से जोड़ दिया।
हनुमान चालीसा के प्रसंग पर गूंजे ठहाके
कथा के दौरान महाराज जी ने हनुमान चालीसा और भक्तों की मनोकामनाओं से जुड़ा एक हास्य प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि कई लोग भगवान से अपनी इच्छाएं पूरी कराने की अर्जी लगाते हैं, लेकिन जब इच्छाओं के परिणाम सामने आते हैं तो फिर उन्हीं से समाधान मांगने लगते हैं। प्रसंग के दौरान पंडाल में हंसी गूंज उठी।
उन्होंने बंगाल के वैष्णव संत नामाचार्य हरिदास ठाकुर का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि वे ऊंचे स्वर में संकीर्तन करते थे। उनका मानना था कि जोर से कीर्तन करने पर आसपास के लोग भी भगवान का नाम सुनकर लाभ प्राप्त करते हैं। इसके बाद पंडाल में सामूहिक ‘राधे-राधे’ और ‘भज मन प्यारे राधे गोविंद’ संकीर्तन हुआ।
कथा पंडाल की मर्यादा बनाए रखने की अपील
इंद्रेश जी महाराज ने कथा पंडाल को देवालय बताते हुए श्रद्धालुओं से मर्यादा और अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भागवत और रामचरितमानस के रूप में भगवान कथा पंडाल में विराजमान हैं, इसलिए श्रद्धालु जूते-चप्पल बाहर छोड़कर प्रवेश करें।
उन्होंने समय से पहुंचकर स्थान ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं की सराहना की और देर से आने वालों से पीछे बैठकर व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
खाटू श्याम मंडल ने उतारी आरती
कथा के संध्याकालीन सत्र में खाटू श्याम मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने व्यास पीठ की आरती उतारी तथा महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती में सौरभ पाण्डेय, संदीप शुक्ला, पप्पू शिवहरे, अनूप शिवहरे, सुधीर तिवारी, पंकज गुप्ता, डॉ. केके गुप्ता, संगीता शिवहरे, प्रीति तिवारी, मन्नू पाण्डेय, अर्पिता गुप्ता, नीरजा शिवहरे, पुनीत गोस्वामी, निधि गोस्वामी, राजेश गुप्ता, रवि शिवहरे, आशू भैया व माता जी सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
महाराज जी ने कथा के यजमान सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी की सराहना करते हुए कहा कि बांदा में इतनी बड़ी संख्या में वैष्णव और भगवद प्रेमियों की उपस्थिति क्षेत्र की आध्यात्मिक समृद्धि को दर्शाती है।
भंडारे के प्रसाद की सराहना, पूड़ी-सब्जी को बताया खास
कथा स्थल पर चल रहे विशाल भंडारे की भी महाराज जी ने सराहना की। उन्होंने बताया कि पिछले दिन कथा के बाद स्वयं भंडारे में पहुंचकर पूड़ी-सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने कहा कि चित्रकूट ने नेत्रों को, ठाकुर जी ने मन को, कथा ने कानों को और बांदा के भंडारे ने जिह्वा को आनंद दिया।
उन्होंने भंडारे में जुटे सेवादारों के परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। सेवा कार्य में द्वारका सोनी, महाराज नारायण द्विवेदी, आनंद बाजपेई, लाला महाराज, मनोज जैन, पंडित धर्मेंद्र त्रिपाठी, बड़कू अवस्थी और सुधीर विश्वकर्मा सहित सहयोगी जुटे रहे।
आयोजन व्यवस्था में कार्यकर्ताओं का योगदान
चौथे दिन उमड़ी भीड़ के बीच कथा पंडाल, श्रद्धालुओं के बैठने और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में पंकज रैकवार, राजेश गुप्ता, रोहित नंदन, रोहित त्रिपाठी, मनीष तिवारी, उपवेश पटेल, विमल मिश्रा, वीरेंद्र सिंह और राहुल द्विवेदी ‘भाऊ’ सहित कार्यकर्ताओं ने सक्रिय योगदान दिया।
कथा के दौरान विधान परिषद सदस्य बाबूलाल तिवारी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग मौजूद रहे। ब्रज, बांदा और चित्रकूट के जयकारों से पूरा मैदान भक्तिमय हो उठा।
News Wani
