सुल्तानपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर रविवार को जनपद में “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ एक दिवसीय सत्याग्रह किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व एवं शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की मौजूदगी में आयोजित इस सत्याग्रह में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और मनरेगा मजदूर शामिल हुए। तिकोनिया पार्क में आयोजित सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनरेगा बचाओ—देश बचाओ, काम का अधिकार हमारा है, भाजपा सरकार जवाब दो, मजदूर विरोधी सरकार नहीं चलेगी जैसे नारे लगाकर भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। पूरे परिसर में नारेबाजी से संघर्षमय माहौल बना रहा। सत्याग्रह को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि मनरेगा देश के गरीब, मजदूर और किसानों की जीवनरेखा है। भाजपा सरकार जानबूझकर इस योजना को कमजोर कर रही है, बजट में कटौती कर मजदूरी रोक रही है, जिससे मजदूरों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह संविधान द्वारा प्रदत्त काम के अधिकार पर सीधा हमला है। कांग्रेस इस मजदूर विरोधी साजिश को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है और अब मनरेगा जैसे आखिरी सहारे को भी खत्म करने की कोशिश कर रही है। यह गरीबों के पेट पर हमला है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। मनरेगा बचाओ संग्राम के कोऑर्डिनेटर ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि करोड़ों ग्रामीणों की आजीविका की गारंटी है। इसे कमजोर करना सामाजिक न्याय की खुली हत्या है। कांग्रेस पंचायत से लेकर ब्लॉक स्तर तक आंदोलन चलाकर इस अन्याय के खिलाफ संघर्ष करेगी। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश त्रिपाठी, नफीस फारुकी, सुरेश चंद्र मिश्र, आरबी पांडेय, रणजीत सिंह सलूजा, सलाउद्दीन हाशमी, वरुण मिश्र, राजेश तिवारी, शरद श्रीवास्तव, जफर खान सहित सैकड़ों नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं मनरेगा मजदूर मौजूद रहे।

News Wani