Breaking News

“मौत की ‘स्क्रिप्ट’ के साथ इंग्लैंड से लौटा बेटा, 6 दिन अंडरग्राउंड रहने के बाद मां की हत्या; हरियाणा में खौफनाक कांड”

यमुनानगर में मां बलजिंद्र कौर के मर्डर केस में अरेस्ट बेटे गोमित राठी ने पुलिस पूछताछ में कई खुलासे किए। गर्लफ्रेंड से शादी करने में बाधा बनी मां बलजिंद्र कौर की हत्या के बाद गोमित इंग्लैंड लौट जाने की जल्दी में था। उसे फंसने का डर था। पुलिस की जांच तेज हुई तो वो 5 दिन बेचैन रहा। उसने मां की तेरहवीं की रस्म का भी इंतजार नहीं किया। मौत के पांचवें दिन यह कहकर दोस्त पंकज के साथ घर से निकल गया कि फ्लाइट है। हालांकि वो करनाल में पीजी में छिप गया। उसे वापसी की टिकट का इंतजार था। उसके बाद वह इंग्लैंड भाग जाता। जब तक वो साढौरा के गांव श्यामपुर में अपने घर पर रहा, परिजनों और ग्रामीणों के सामने रोने-धोने और सदमे में होने का नाटक करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। परिवार और आसपास के लोग उसे एक दुखी बेटे के रूप में ही देखते रहे। इस मामले में गोमित के अलावा उसका दोस्त पंकज भी 4 दिन के पुलिस रिमांड पर है।

अब जानिए, कैसे 5 दिन डर में बीते, बेनकाब होने का खतरा था…

  • 24 दिसंबर को पशुओं के बाड़े में मिली लाश: श्यामपुर के सरपंच जसबीर सिंह की पत्नी बलजिंद्र कौर (45) की लाश 24 दिसंबर शाम को पशुबाड़े में मिली। अगले दिन सुबह परिवार ने गोमित को मां के साथ हुई घटना की सूचना दी। गोमित स्टडी वीजा पर इंग्लैंड में था। हालांकि हत्या के लिए वो गुपचुप 18 दिसंबर को ही लौट आया था और करनाल में पीजी लेकर रह रहा था। 26 दिसंबर को गोमित घर पहुंचा, यह दिखाया कि वो इंग्लैंड से लौटा है।
  • परिवार पुलिस पर जांच तेज करने का दबाव बनाने लगा: मां की हत्या के बाद 23 वर्षीय गोमित की मानसिक हालत पूरी तरह डगमगा गई थी। वो डरा हुआ था। उसे फंसने का डर था, क्योंकि परिजन लगातार पुलिस कार्रवाई की मांग कर रहे थे और पुलिस भी तेजी में जांच में जुटी हुई थी। ऐसे में गोमित हर वक्त इस डर में जी रहा था कि कभी भी पकड़ा जा सकता है।
  • सो नहीं पा रहा था, बार-बार मोबाइल चेक करता था: घर में रहकर दुखी बेटे का अभिनय करने के बावजूद वह रातों को ठीक से सो नहीं पाया। बार-बार मोबाइल चेक करता और हर अनजान कॉल या दस्तक पर चौंक जाता था। उसे अंदेशा था कि कॉल डिटेल, ट्रैवल हिस्ट्री और उसके अचानक भारत आने-जाने की कड़ियां किसी भी वक्त उसे बेनकाब कर सकती हैं।
  • 31 दिसंबर को इंगलैंड लौटने के बहाने घर से ली विदाई: ऐसे में उसने परिजनों को अपनी पढ़ाई का हवाला देते हुए वापस इंग्लैंड लौटने की बात कही। 31 दिसंबर को वह परिजनों को झूठ बोलकर निकला कि आज उसकी दिल्ली एयरपोर्ट से इंग्लैंड की फ्लाइट है। उस दिन भी घर से उसका दोस्त पंकज ही उसे अपने साथ लेकर गया। हालांकि उसकी टिकट बुक नहीं हुई थी। पंकज ने उसे फिर करनाल के पीजी में छोड़ दिया। यहां वह फ्लाइट बुक होने का इंतजार करता रहा। पंकज भी पुलिस व बलजिंद्र के परिजनों से बचता हुआ गोमित को इंडिया से भगाने व खुद की बचाने के प्रयास में जुट गया।

    अब जानिए, कैसे खुला मर्डर केस का राज…

    • पूछताछ में सामने आया कि गोमित का मां से झगड़ा था: पुलिस तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर इन्वेस्टिगेशन में जुटी रही। छानबीन में पता चला कि गोमित का मां से झगड़ा होता था। गोमित गर्लफ्रेंड से इंटरकास्ट मैरिज करना चाहता था। मां सबसे बड़ी बाधा थी। इसके बाद पुलिस की जांच में गोमित भी संदिग्धों की लिस्ट में रखा गया। ऐसे में पुलिस चुपके से गोमित पर नजर रखती रही।
    • दोस्त के मिला गोमित का पासपोर्ट, डर से छिपा था: पुलिस का दावा है कि गोमित का दोस्त पंकज इस पूरी साजिश में शामिल रहा। हालांकि यह अभी सामने नहीं आया है कि सिर्फ दोस्ती के लिए पंकज ने इस अपराध में साथ दिया या उसे और कोई लालच था। पंकज भी पकड़े जाने के डर से आसपास के गांव में छिपा हुआ था। उसको भी पुलिस ने गिरफ्तार किया तो उसके पास से गोमित का पासपोर्ट बरामद हुआ। इसके बाद दोनों ने पूछताछ में वारदात की पूरी साजिश का खुलासा किया।
    • विदेश में आर्थिक तंगी से परेशान था गोमित: गोमित 31 दिसंबर को घर से निकलकर पंकज के साथ कई जगह भी घूमा, लेकिन इस पूरी जर्नी में उसका मुख्य ठिकाना करनाल का पीजी ही रहा। वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग करने से लेकर मां की हत्या के बाद वह यहीं पर छिपा रहा। पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि गोमित विदेश में आर्थिक तंगी का भी सामना कर रहा था। घरवालों से रुपए मांगता था। जब घर वाले मना करते तो इस बात को लेकर भी लड़ाई झगड़े होते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी नशा भी किया करता था।
    • रिमांड के दौरान कुल्हाड़ी बरामद: पुलिस ने गोमित व उसके दोस्त पंकज को गिरफ्तार कर चार दिन के रिमांड पर लिया हुआ है। इस दौरान उससे वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद की है। बलजिंद्र कौर का गला दबाने से पहले उसे कुल्हाड़ी से भी वार किया था।

      जानिए, मां की हत्या की पूरी साजिश कैसे और क्यों रची गई…

      हत्या को हादसा दिखाने की योजना थी:  श्यामपुर गांव में सरपंच जसबीर सिंह की पत्नी बलजिंद्र कौर की हत्या का मामला 24 दिसंबर 2025 को सामने आया। जब उसका शव घर के पशु-बाड़े में बने पानी के हौद में मिला। शव की हालत संदिग्ध थी। सिर पानी में डूबा, शरीर बाहर था। माथे पर चोट के निशान ते और चूड़ियां टूटी मिली। जांच में पता चला कि बलजिंद्र कौर अपने बेटे गोमित राठी की लव मैरिज के खिलाफ थीं। इसी विवाद के चलते करीब दो साल पहले परिवार ने गोमित को स्टडी वीजा पर इंग्लैंड भेज दिया था, लेकिन वह मन में रंजिश पालता रहा।

      कत्ल के लिए पशुओं के बाड़े में पहले से छिप गया गोमित: पुलिस के अनुसार, गोमित 18 दिसंबर को चुपचाप इंग्लैंड से भारत लौटा और अपने दोस्त पंकज की मदद से करनाल में PG लेकर छिप गया। 24 दिसंबर की शाम वह गांव श्यामपुर पहुंचा और पशु-बाड़े में लाइटें बंद करके अंधेरे में छिपकर बैठ गया। जैसे ही बलजिंद्र कौर पशुओं को चारा डालने आईं, गोमित ने पहले कुल्हाड़ी से वार किया, फिर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी और शव को हौद में डाल दिया। वारदात के बाद वह रात में ही करनाल लौट गया और परिवार को यह दिखाता रहा कि वह अभी भी इंग्लैंड में है।

      रोने का दिखावा कर दी मां को मुखाग्नि : वारदात की देर रात जब बलजिंद्र कौर घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने तलाश की और हौद में शव मिला। 25 दिसंबर की सुबह परिवार ने गोमित को फोन कर मौत की सूचना दी, जिस पर उसने इंग्लैंड से भारत आने का नाटक किया। 26 दिसंबर को वह पहले से दिल्ली में मौजूद था, रिश्तेदारों के सामने रोने का दिखावा किया, गांव आकर अंतिम संस्कार में शामिल हुआ और खुद ही मां को मुखाग्नि दी। हालांकि, परिजनों को शुरू से ही हत्या की आशंका थी। 29 दिसंबर को परिवार ने SP कमलदीप गोयल से मिलकर SIT जांच की मांग की। जांच में मोबाइल लोकेशन, घटनास्थल के साक्ष्य और पारिवारिक विवाद सामने आए, जिसके बाद कड़ियां जुड़ती चली गईं और गोमित की साजिश बेनकाब हुई।

About NW-Editor

Check Also

“करनाल में पैसों के लिए पोते ने दोस्तों संग दादा-दादी को उतार दिया मौत के घाट”

करनाल.  हरियाणा के करनाल के असंध में सोमवार को बजुर्ग दम्पति की घर में हत्याकांड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *