सुल्तानपुर। कुड़वार विकासखंड के ग्राम मिठनेपुर में सरकारी राशन की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जनवरी माह का राशन बेचने के आरोपों की जांच शुरू होते ही संबंधित कोटेदार फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। शिकायत के आधार पर गठित जांच टीम जब गांव पहुंची तो राशन की दुकान पर ताला लटका मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि जांच की भनक लगते ही कोटेदार दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएं की जा रही थीं। कई पात्र कार्डधारकों को पूरा राशन नहीं दिया गया, जबकि कुछ लाभार्थियों को बिना राशन के ही लौटा दिया गया। जांच टीम ने मौके पर मौजूद कार्डधारकों के बयान दर्ज किए। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत हो रहा है। आरोप सही पाए जाने पर कोटेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, लाइसेंस निरस्तीकरण और सरकारी राशन की रिकवरी जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जांच पूरी होने तक किसी अन्य व्यक्ति को अस्थायी रूप से दुकान का प्रभार सौंपा जाए, ताकि पात्र गरीब परिवारों को राशन मिलने में कोई परेशानी न हो। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट शीघ्र तैयार की जाएगी और दोषी पाए जाने पर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल फरार कोटेदार की तलाश जारी है और पूरे मामले पर प्रशासन की कड़ी निगरानी बनी हुई है।
News Wani
